छह माह से बंद मिल्की चौक की स्ट्रीट लाइट, शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है चौक

मिल्की चौक पर 6 महीने से स्ट्रीट लाइट बंद होने से अंधेरा छाया है. ग्रामीण दुर्घटना और अप्रिय घटनाओं से चिंतित हैं. जल्द मरम्मत की मांग.

प्रतिनिधि, हनवारा. महागामा प्रखंड अंतर्गत हनवारा क्षेत्र के मिल्की चौक पर लगी स्ट्रीट लाइट लंबे समय से खराब पड़ी है. ग्रामीणों के अनुसार, करीब छह माह से स्ट्रीट लाइट बंद रहने के कारण शाम ढलते ही पूरा चौक अंधेरे में डूब जाता है. इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

शाम होते ही चौक पर छा जाता है अंधेरा

मिल्की चौक क्षेत्र का प्रमुख चौराहा है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है. दिन के समय लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होती, लेकिन रात होते ही चौक पर अंधेरा छा जाता है.

ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के मौसम में सड़क पर गड्ढे और जलजमाव रहने के कारण अंधेरे में वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों को अधिक परेशानी होती है.

दुर्घटना और अप्रिय घटना की आशंका

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट खराब रहने के कारण रात के समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों द्वारा किसी अप्रिय घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका से भी लोग चिंतित रहते हैं.

ग्रामीणों के अनुसार, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को रात में इस मार्ग से गुजरने में विशेष परेशानी होती है.

कई बार दी गयी सूचना, अब तक नहीं हुई मरम्मत

ग्रामीणों ने बताया कि स्ट्रीट लाइट खराब होने की जानकारी कई बार पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को दी गयी है. इसके बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं करायी गयी है. लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.

जल्द मरम्मत कराने की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए मिल्की चौक की खराब स्ट्रीट लाइट की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि चौक जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रहने से राहगीरों को सुविधा मिलेगी और रात के समय संभावित दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >