पथरगामा में फोरलेन का अंडरपास बना तालाब, कीचड़ में फंसी राह; नई सड़क भी खराब

पथरगामा-महागामा मार्ग पर मांछीटांड़ अंडरपास में जलजमाव और कीचड़ से राहगीरों को भारी परेशानी हो रही.प्रशासन से जल निकासी की मांग की गई.

प्रतिनिधि, पथरगामा. पथरगामा से महागामा जाने वाले मार्ग पर मांछीटांड़ मोड़ से पहले बने फोरलेन सड़क के अंडरपास की स्थिति इन दिनों बदहाल हो गयी है. अंडरपास के अंदर जलजमाव और कीचड़ पसरा रहने से राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर पानी और फिसलन के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है.

सर्विस रोड का पानी अंडरपास में हो रहा जमा

स्थानीय लोगों के अनुसार, अंडरपास में जलजमाव की मुख्य वजह दोनों किनारों पर बनी सर्विस रोड से बारिश के पानी का बहकर अंडरपास के अंदर जमा होना है. अंडरपास में पानी की निकासी के लिए समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश के बाद भी यहां पानी जमा हो जाता है.

जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से पानी कई दिनों तक अंडरपास में जमा रहता है. इससे राहगीरों को गंदे पानी और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ता है.

जलजमाव से नई सड़क भी होने लगी खराब

लगातार जलजमाव के कारण अंडरपास की नयी बनी सड़क भी धीरे-धीरे खराब होने लगी है. सड़क पर कीचड़ और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. कई बार वाहन चालकों के संतुलन बिगड़ने से हादसे की आशंका बनी रहती है.

वहीं, अंडरपास में गंदे पानी के लगातार जमाव के कारण दुर्गंध की स्थिति भी बनी रहती है. इससे आसपास से गुजरने वाले लोगों को परेशानी हो रही है.

करोड़ों की सड़क पर व्यवस्था की अनदेखी का आरोप

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलजमाव की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो करोड़ों रुपये की लागत से बना अंडरपास जल्द ही पूरी तरह खराब हो सकता है. ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था भी जरूरी है, लेकिन इस ओर अब तक पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है.

जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन के साथ-साथ एनएचएआई के अधिकारियों से अंडरपास में जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने और जमा पानी की तत्काल निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पानी की निकासी के लिए स्थायी समाधान किया जाता है, तो सड़क को खराब होने से बचाया जा सकता है और राहगीरों को भी सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >