सूरज मंडल महाविद्यालय, पोड़ैयाहाट में शनिवार को शासी निकाय की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के शासी निकाय अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक प्रदीप यादव ने की. इस अवसर पर एसडीओ बैद्यनाथ उरांव विशेष रूप से उपस्थित रहे. बैठक में महाविद्यालय के शैक्षणिक स्तर एवं आधारभूत संरचना के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था बहाल करना प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाये जाएंगे. वहीं एसडीओ बैद्यनाथ उरांव ने भी महाविद्यालय के बेहतर संचालन के लिए प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया. बैठक में छात्रों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने, कक्षाओं के नियमित संचालन तथा अनुशासन बनाये रखने पर विशेष बल दिया गया, ताकि शैक्षणिक माहौल को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके. शासी निकाय की बैठक में सर्वसम्मति से ट्यूशन फीस में 25 रुपये तथा विकास शुल्क में 25 रुपये की वृद्धि का निर्णय लिया गया. प्रबंधन के अनुसार, यह वृद्धि कॉलेज के विकास कार्यों एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक थी. बढ़ी हुई राशि का उपयोग पुस्तकालय, प्रयोगशाला एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण में किया जाएगा.
सूरज मंडल महाविद्यालय पोड़ैयाहाट में शासी निकाय की बैठक, शैक्षणिक सुधार पर जोर
विधायक प्रदीप यादव की अध्यक्षता में विकास कार्यों पर हुआ मंथन
