प्रतिनिधि, पथरगामा : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा में पदस्थापित बीटीएम प्रदीप कुमार का आकस्मिक निधन हो गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार बसंतराय थाना क्षेत्र के बनियाडीह गांव स्थित आवास पर अचानक हृदयाघात हो जाने से बीटीएम की मौत हो गई. निधन के बाद बीटीएम के घर समेत उनके गांव व स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर दौड़ पड़ी.
वैक्सीन का काम कर लौटे थे घर
मृतक के परिजन ने बताया कि शनिवार को बीटीएम कदमा गांव में वैक्सीन का काम कर शाम में घर लौटे थे. रात्रि में भोजन के बाद सोने के लिए गए. इस दौरान उनके सीने में अचानक दर्द उठा, जिसके बाद बीटीएम प्रदीप ने इसकी जानकारी अपने परिजन को दी.
चिकित्सक के पास ले जाने से पहले मौत
परिजन जब तक उन्हें चिकित्सक के पास ले जाते, तब तक उनकी मौत घर पर ही हो गई.
2021 में पथरगामा में दिया था योगदान
बताया गया कि प्रदीप कुमार ने वर्ष 2021 में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा में बीटीएम के पद पर योगदान दिया था. इससे पहले वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरगंगटी में पदस्थापित थे.
स्वास्थ्य कर्मियों ने दी सांत्वना
उनके निधन की खबर सुनते ही बीटीएम शेखर राउत समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी बीटीएम के बनियाडीह स्थित आवास पहुंचे और मृतक के परिजन को इस दुख की घड़ी में हिम्मत से काम लेने की सांत्वना दी.
