गोड्डा : झारखंड राज्य लेखा लिपिक संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश अध्यक्ष अविनाश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में हुई.वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुये बैठक में सरकार द्वारा लेखा लिपिक संवर्ग को मरणशील घोषित कर पदों को समाप्त करने के निर्णय का व्यापक विरोध किया गया.
पदोन्नति के फैसले के उलट संवर्ग को मरणशील घोषित करने पर आक्रोश
संघ ने कहा कि राज्य मंत्री परिषद ने लेखा लिपिकों को संवर्गीय पदोन्नति देने का निर्णय लिया था, लेकिन मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली समिति ने इसके विपरीत संवर्ग को ही मरणशील घोषित कर दिया. इस पर आक्रोश जताते हुए संघ ने कहा कि एक तरफ सरकार रोजगार बढ़ाने की बात करती है, दूसरी तरफ जीवंत और आवश्यक पद को साजिश के तहत समाप्त कर रही है।
निर्णय पर पुनर्विचार नहीं हुआ तो रांची में होगा आंदोलन
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 10 सितंबर को राज्य के सभी कार्य विभागों में लेखा लिपिक काला बिल्ला लगाकर कर्तव्य निर्वहन करेंगे। यदि सरकार निर्णय पर पुनर्विचार नहीं करती है तो रांची में राज्य मुख्यालय पर आंदोलनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
राज्यभर के कार्य विभागों में काला बिल्ला लगाकर जतायेंगे विरोध
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राघवेंद्र चंद्रदेव, अनीश कुमार शाही, महासचिव अमरेश कुमार, कोषाध्यक्ष ब्रजेश कुमार झा, संयुक्त सचिव विश्वजीत कुमार झा, अमर कुमार सिंह, भीष्म नारायण सिंह, कार्यालय सचिव अनवर सलाम, संगठन सचिव विजय कुमार निराला, अंकेक्षक ठाकुर पंकज कुमार, प्रवक्ता साधना कुमारी सहित रांची, जमशेदपुर, देवघर, दुमका, गोड्डा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद के प्रतिनिधि शामिल थे.
