गोड्डाः राजमहल कोल परियोजना के खनन क्षेत्र का मंगलवार को पीट सुरक्षा समिति के वर्कमैन इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार एवं सुरक्षा समिति के सदस्य राम सुंदर महतो ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने खनन क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
समिति के सदस्यों ने बताया कि सुरक्षा पदाधिकारी पीके यादव के निर्देश पर खनन क्षेत्र का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान बीएलएस कंपनी के कार्यस्थल के टॉप साइड में नाली टूटने का मामला सामने आया. इस पर उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नाली क्षतिग्रस्त होने के कारण बारिश का पानी खनन क्षेत्र, विशेषकर डीप माइनिंग क्षेत्र में प्रवेश कर गया है, जिससे खनन कार्य प्रभावित होने के साथ-साथ सुरक्षा जोखिम भी बढ़ गया है.
उन्होंने बताया कि सुरक्षा समिति प्रत्येक माह खनन क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश देती है. इसके अलावा डीजीएमएस के अधिकारी भी समय-समय पर निरीक्षण करते हैं, लेकिन परियोजना में कार्यरत निजी कंपनियां कई बार दिए गए निर्देशों का सही तरीके से पालन नहीं करती हैं. इसी लापरवाही के कारण बारिश का पानी खदान क्षेत्र में प्रवेश कर गया.
सुरक्षा समिति के सदस्यों ने संबंधित निजी कंपनी को क्षतिग्रस्त नाली की जल्द मरम्मत कराने का निर्देश दिया, ताकि बारिश का पानी खनन क्षेत्र में प्रवेश न कर सके और कोयला खनन व मिट्टी कटाई का कार्य सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित हो सके.
