आक्रोश. मध्य विद्यालय भदराय में ग्रामीणों ने किया हंगामा
सदर प्रखंड के भदराय में रविवार को हुई घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल पहुंच हंगामा किया.
गोड्डा : सदर प्रखंड के मध्य विद्यालय भदराय में बच्चाें के थाली में छिपकली मरा एमडीएम परोसे जाने के मामले में सोमवार को तूल पकड़ लिया. विद्यालय के खुलते ही ग्रामीण स्कूल पहुंचे. रविवार की घटना का विरोध किया और रसोईघर के चूल्हा को तोड़ दिया. इसके अलावा बनाये जा रहे एमडीएम को फेंक दिया. ग्रामीणाें में अब तक कार्रवाई नहीं होने से गुस्सा दिख रहा था. ग्रामीणों ने बताया कि खाना में मरा हुआ छिपकली बच्चों के थाल में परोस दिया गया.
24 घंटे बीतने के बावजूद भी शिक्षा विभाग मूकदर्शक ही बना हुआ है. अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी है. इससे ग्रामीणों में आक्राेश बढ़ता जा रहा है. इसी विरोध में स्कूल में तोड़-फोड़ कर जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग को चेतावनी दी. साथ ही कहा कि जल्द कार्रवाई नहीं की गयी तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे.
ग्रामीणों ने की मांग शिक्षक पर हो कार्रवाई
विद्यालय परिसर में ग्रामीणों ने कहा कि मरा हुआ छिपकली परोसने के मामले में विद्यालय में कुल दस शिक्षकों पर कार्रवाई की जाये. साथ ही सभी शिक्षकों को इस विद्यालय से हटाया जाये. ग्राम शिक्षा समिति, प्रबंधन समिति, माता समिति का पुनर्गठन किया जाये. इसके अलावा जबतक कार्रवाई नहीं होती है तबतक एमडीएम कार्य को पूरी तरह से बंद रखा जाये.
क्या कहते हैं मुखिया: घाट पहाड़पुर पंचायत के मुखिया सुनील मांझी ने कहा कि खाना में मरा हुआ छिपकली परोसे जाने को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा नहीं थम रहा है. आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल के रसोईघर का चूल्ला तक तोड़ दिया है. ग्रामीणों की मांगें जायज है.
क्या कहते हैं उप मुखिया : पंचायत के उप मुखिया गुरुदेव ब्रह्म ने भी ग्रामीणों की मांगें जायज है. ग्रामीणों की मांग को शिक्षा विभाग को पूरी करनी चाहिये.
क्या कहते हैं मुखिया संघ अध्यक्ष : गोड्डा प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष दिनेश प्रसाद यादव ने कहा कि भदराय स्कूल में खाना में छिपकली का निकलना दुर्भाग्यपूर्ण है. ग्रामीण की मांगों को शिक्षा विभाग को पूरी करनी चाहिए. केवल भदराय स्कूल ही नहीं दस वर्षों से जिस स्कूल में ग्राम शिक्षा समिति, प्रबंधन समिति व माता समिति जमे हुए हैं. वहां इन समिति का पुनर्गठन होनी चाहिए.
