गोड्डा जिले में सप्ताह भर के अंदर दूसरी घटना
एंबुलेंस से बच्चों को लाया गया अस्पताल, सदर अस्पताल में मचा रहा अफरातफरी का माहौल
संयोजिका व सचिव को दी सूचना, िफर भ्ी थाली में परोसा गया छिपकली मरा भोजन
आठ जून काे मध्य विद्यालय शुंडामारा में विषाक्त केला खाने से बीमार हुए थे 145 बच्चे
गोड्डा : सदर प्रखंड के शुंडमारा मध्य विद्यालय का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि रविवार को मध्य विद्यालय भदराय में छिपकली मरा एमडीएम खाने से 85 बच्चे बीमार हो गये. सभी बच्चों को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भरती कराया गया. उपचार के बाद बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे गयी. अवकाश के दौरान का एमडीएम रविवार को मध्य विद्यालय भदराय में बच्चों को चावल तथा दाल व सब्जी परोसा गया.
छिपकली मरा एमडीएम…
एक बच्चा भोजन लेकर घर चला गया. घर में उसने देखा कि भोजन में छिपकली मरी है. इसकी सूचना उसने विद्यालय के सचिव दिलीप कुमार तथा संयोजिका विमला देवी को दी. इसके बाद भी अन्य बच्चों के बीच एमडीएम परोसा गया. भोजन खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी. किसी को उलटी-कै-दस्त होने लगा तो किसी को सिर में चक्कर की शिकायत थी. इसकी सूचना ग्रामीणों ने मुखिया सुनील मांझी को दी. उन्होंने एंबुलेंस की व्यवस्था कर बच्चों को अस्पताल पहुंचाया.
बच्चों को पिलाया गया ओआरएस का घोल
अस्पताल में ऑन ड्यूटी डाॅ अनंत झा तथा मंटू टेकरीवाल ने बच्चों का इलाज किया. इस दौरान बच्चों को ओआरएस के घोल के साथ स्लाइन चढ़ाया गया. करीब तीन घंटे के बाद इलाज के बाद सभी बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दी गयी. इस दौरान बच्चों का हाल जानने के लिए मुखिया सुनील मांझी, भाजपा नेता राजेश झा, कृष्ण कन्हैया, शिवेश वर्मा, गोपाल राणा आदि पहुंचे.
पहुंची मुफस्सिल थाना की पुलिस
घटना सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना के एएसआई जेके यादव तथा उपेंद्र रजक मध्य विद्यालय भदराय पहुंचे. इनलोगों ने विद्यालय का मुआयना किया. वहीं ग्रामीणों ने स्कूल की लचर व्यवस्था की शिकायत की. पुलिस टीम भोजन में पड़ी छिपकली को देखने के बाद वापस लौट आयी.
आठ जून को शुंडमारा मध्य विद्यालय के 145 बच्चे हुए थे बीमार
बता दें आठ जून को एमडीएम का सड़ा केला खाने के बाद मध्य विद्यालय शुंडमारा के 145 बच्चे बीमार हो गये थे. इस घटना के बाद काफी हंगामा भी हुआ था. मामले में 24 घंटे के अंदर कार्रवाई करते हुए विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षकों का तबादला कर दिया गया था.
नेताओं ने कहा
मामला अत्यंत गंभीर है. गोड्डा में लगातार इस तरह की घटना होना दुर्भाग्य की बात है. शुंडमारा की घटना के बाद अब तक व्यवस्था में सुधार नहीं होना दुखद बात है.
– निशिकांत दुबे, सांसद, गोड्डा
पता नहीं शिक्षा विभाग अब किस तरह की घटना का इंतजार कर रहा है. बच्चों का लगातार एमडीएम का भोजन करने के बाद बीमार हो जाना गंभीर चिंता का विषय पैदा कर दिया है. इस मामले की जांच होनी चाहिए.
– अशोक भगत, विधायक, महगामा
जिले में यह दूसरी घटना है. पहली घटना के बाद ही विभाग को पूरी सतर्कता बरतनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया. भदराय की घटना ने इस बात को सिद्ध कर दिया है कि सरकार गरीब के बच्चों को पढ़ने नहीं देना चाहती है. सरकार की मंशा सही है तो अविलंब ऐसे मामले पर कार्रवाई करनी चाहिए.
– प्रदीप यादव, विधायक, पोड़ैयाहाट
उपायुक्त से बात की है. घटना गंभीर है. दोषी के खिलाफ अविलंब कार्रवाई हो. अभी रांची से वापस आ रहा हूं. कल गांव पहुंचकर मामले की जांच करूंगा.
– अमित मंडल, विधायक, गोड्डा
