Giridih News :श्रीराम हॉस्पिटल में प्रसव के बाद महिला की मौत, हंगामा

Giridih News :धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत परसन ओपी इलाके के गंगापुर स्थित श्रीराम हॉस्पिटल में प्रसव के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. मृतका की पहचान बोदगो पंचायत के एकागुरी गांव निवासी सोनिया देवी पति पवन कुमार पासवान के रूप में हुई.

घटना के बाद स्वास्थ्य पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गयी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनिया को बुधवार को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजन श्रीराम हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे. वहां मौजूद चिकित्सक डॉ दिनेश यादव ने प्राथमिक जांच के बाद स्थिति को जटिल बताते हुए तत्काल ऑपरेशन कराने की सलाह दी. परिजनों की सहमति मिलने के बाद ऑपरेशन किया गया, जिसमें नवजात शिशु को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

ऑपरेशन के बाद बिगड़ने लगी स्थिति

परिजनों के अनुसार शुरुआत में सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था, लेकिन ऑपरेशन के कुछ ही देर बाद सोनिया की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. बताया जाता है कि अत्यधिक रक्तस्राव या अन्य जटिलता के कारण उनकी हालत तेजी से नाजुक हो गई. स्थिति गंभीर होते देख अस्पताल प्रबंधन ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया. परिजन उसे लेकर रांची के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. नवजात फिलहाल सुरक्षित बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की सही निगरानी नहीं की गयी और हालत बिगड़ने के बावजूद समय पर उचित उपचार नहीं दिया गया. इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. हालांकि बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामला शांत कराया गया.

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर काफी आक्रोश है. इधर, खोरीमहुआ के एसडीएम अनिमेष कुमार ने कहा कि जांच के लिए टीम गठित की गयी है. टीम की रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pradeep kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >