प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय अहिल्यापुर में भवन निर्माण में अनियमितता के आरोप को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने हंगामा किया और दूसरी मंजिल की ढलाई का काम रोक दिया. ग्रामीणों के विरोध की सूचना मिलने पर अहिल्यापुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया. इसके बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया गया.
निर्माण कार्य में अनियमितता का लगाया आरोप
जानकारी के अनुसार, अहिल्यापुर गांव स्थित प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय के भवन निर्माण को लेकर ग्रामीण पहले से ही सवाल उठाते रहे हैं. ग्रामीणों ने अप्रैल माह में उपायुक्त को आवेदन देकर निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाया था. शिकायत के बाद एक टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन निर्माण कार्य की जांच भी की थी.
दूसरी मंजिल की ढलाई को लेकर फिर हुआ विरोध
कुछ दिन पूर्व संवेदक द्वारा भवन की दूसरी मंजिल की ढलाई शुरू करने की तैयारी की गयी थी. उस समय भी ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए काम रोक दिया था. रविवार को संवेदक ने दोबारा दूसरी मंजिल की ढलाई का काम शुरू किया. इसकी जानकारी मिलने पर कुछ ग्रामीण निर्माण स्थल पर पहुंचे और काम रोकने की मांग करने लगे.
पुलिस ने समझाकर कराया काम शुरू
ग्रामीणों के विरोध की सूचना पर अहिल्यापुर थाना प्रभारी एनुल हक खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी आपत्तियां सुनीं और उन्हें समझाकर शांत कराया. इसके बाद भवन की ढलाई का काम शुरू कराया गया.
मौके पर प्रबंध समिति की अध्यक्ष तनुजा देवी, उपाध्यक्ष किरण कुमारी, ग्रामीण राजदीप कुमार, जितेंद्र हाजरा, सुरेंद्र रवानी, मिथुन हाजरा, पप्पू साव, प्रसाद रवानी, सुनील हाजरा, पिंकू हाजरा, पिंकू गोस्वामी सहित अन्य लोग मौजूद थे.
इधर, विभाग के कार्यपालक अभियंता पुष्कर राज ने कहा कि भवन का निर्माण प्राक्कलन के अनुसार कराया जा रहा है.
