गिरिडीह. बगोदर थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित अटका लक्षीबागी में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब बरकट्ठा की ओर से बगोदर आ रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर एक घर में जा घुसा. ट्रेलर की रफ्तार अधिक नहीं होने के कारण बड़ा हादसा टल गया. घटना में चालक भी बाल-बाल बच गया.
बताया गया कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर निजी पशु चिकित्सक डॉ. महेश मेहता के घर के बाहरी हिस्से को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा. इस दौरान घर के बाहर स्थित एक सैलून की दुकान को आंशिक क्षति पहुंची. वहीं, घर के बाहर खड़ी बुलेट बाइक और गन्ने का जूस बनाने वाली मशीन भी क्षतिग्रस्त हो गयी. घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी.
ये भी पढ़ें: पुणे में प्रवासी मजदूर संजय की मौत के बाद गांव में मचा कोहराम, शव घर लाने के लिए रोते-बिलखते परिवार ने लगाई यह गुहार
स्थानीय लोगों ने चालक को बाहर निकाला
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन में फंस गया था. स्थानीय पंसस टेकनारायण साव, रमेश मेहता समेत अन्य लोगों के सहयोग से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया. घटना की जानकारी मिलते ही बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.
पुलिस ने घटना की परिस्थितियों की जानकारी ली और क्षतिग्रस्त हिस्सों का भी निरीक्षण किया. हादसे के कारण कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही.
मुआवजा दिलाने की मांग
घटना की सूचना मिलने पर झामुमो नेता शत्रुघ्न प्रसाद मंडल भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और हुए नुकसान का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों से नुकसान का आकलन कराने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की. साथ ही मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने की बात कही.
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. ट्रेलर के अनियंत्रित होने के कारणों की तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी है.
ये भी पढ़ें: गिरिडीह के बिरनी में खाद कालाबाजारी की शिकायत पर बनी टीम, जानिए 12 दिन बाद भी क्यों नहीं शुरू हुई जांच
