Giridih News : सरिया. बड़की सरैया नगर पंचायत में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. इसके कारण कारण सरिया बाजार की मुख्य सड़कों पर दिनभर जाम लगा रहता है. खासकर बाघा चौक, बागोडीह मोड़ तथा रेलवे फाटक के पास जाम से लोग काफी परेशान रहते हैं. वाहन चालक ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाते हैं. जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की जा सकी है. रांची-दुमका मुख्य मार्ग के बीच स्थित सरिया बाजार में कई बैंक, विद्यालय, महाविद्यालय, अस्पताल व्यावसायिक मंडी, एफसीआई गोदाम सहित कई बड़े-बड़े प्रतिष्ठान हैं. इसके कारण प्रतिदिन सैकड़ों सवारी तथा माल वाहक गाड़ियां सरिया बाजार के मुख्य मार्ग से होकर गुजरती हैं.
सात-आठ मिनट के अंतराल पर बंद होता है रेलने फाटक :
वहीं, गया-धनबाद ग्रैंड कॉर्ड रेल मार्ग के बीच हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन भी है, जहां कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेन यहां ठहरती है. यहां से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग रोजगार हेतु दूसरे प्रदेशों को आना-जाना करते हैं. सरिया बाजार में दिनभर भीड़-लगी रहती है. वाहनों के कारण सड़कों पर दिन भर दबाव बना रहता है. बाजार में कई फुटपाथ दुकानदार सड़कों के किनारे दुकान का शेड निकाल दिये हैं जिससे भी वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है. सबसे खराब स्थिति रेलवे फाटक 20बी 3टी के पास हो जाती है. प्रत्येक सात-आठ मिनट के अंतराल में रेल गाड़ी पार होती है. इसके कारण रेलवे फाटक बंद कर दिया जाता है. इस बीच रेलवे फाटक के दोनों ओर सड़क मार्ग में वाहन चालक ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए पूरी सड़क पर गाड़ियां खड़ी कर देते हैं. रेलवे फाटक खुलते ही पहले निकलने की होड़ में सड़क के दोनों ओर के वाहन चालक आपस में टकराने की स्थिति में आ जाते हैं. रेलवे फाटक पार करने में लोगों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है. एंबुलेंस, अग्निशमन सेवा, पुलिस वाहन जैसे इमरजेंसी सेवा वाले वाहनों को भी इस जाम में फंसना पड़ता है. सड़कों के किनारे भीड़-भाड़ वाले इलाके में लोग अपनी कार खड़ी कर देते हैं, वहीं बड़े व्यवसायी अपनी दुकानों में लोडिंग-अनलोडिंग का काम भी दिन में ही करते हैं. लंबी दूरी की बसें भी यात्रियों को उतारने-चढ़ाने के लिए जहां-तहां बीच सड़क या चौराहों पर अपनी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जिससे भी जाम की समस्या उत्पन्न होती है. व्यवसायी विजय अग्रवाल, हरिहर मंडल आदि की मानें तो जाम की इस भयंकर समस्या से उनके व्यवसाय पर भी बुरा असर पड़ता है. कभी-कभी जाम की स्थिति इतनी भयावह हो जाती है मानो सरिया शहर का विकास ही ठहर गया हो. कहा कि बड़की सरैया नगर पंचायत बने लगभग आठ साल बीतने को है, लेकिन कोई बदलाव देखने को नहीं मिल रहा.
दो वर्ष से हो रहा है काम :
इधर, रेलवे फाटक पर आरओबी का निर्माण दो वर्षों से हो रहा है. संवेदक ने डायवर्सन का काम ठीक से नहीं किया है. इसके कारण भी जाम लगता है. डायवर्सन सड़क पर बड़-बड़े गड्ढे हो गये हैं. इसमें अक्सर वाहन फंसते हैं. वहीं, अधिग्रहीत जमीन पर मकानों को तोड़ कर मलबा पूरी तरह नहीं उठाया गया है. लोगों का कहना है कि डायवर्सन रोड ठीक कर देने के काफी हद तक जाम पर काबू पाया जा सकता है.
क्या कहतीं है नपं अध्यक्ष :
बड़की सरैया नगर पंचायत अध्यक्ष शोभा देवी ने बताया कि जाम से मुक्ति के लिए पुलिस प्रशासन से बातचीत की गयी है. जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक रेलवे फाटक के पास अस्थायी तौर पर दो पुलिस कर्मियों को लगाया गया है. वहीं, रेलवे ओवरब्रिज के हो रहे निर्माण कार्य से भी यातायात व्यवस्था चरमरायी है. इसके संवेदक से मिलकर भी समाधान निकाला जायेगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.