Giridih News : नौकरी छोड़ कर महुआर के तीन युवक कर रहे खेती

Giridih News : खुद कमा रहे अच्छा पैसा, दूसरों को भी अपने फार्म में दे रहे हैं रोजगार

Giridih News : अलग-अलग स्थानों पर निजी कंपनियों में कार्य करने के बाद एक सफल किसान बनने की जिद्द लिए तीन युवक खेती कर रहे हैं. महुआर पंचायत के राजेश कुमार यादव, उमेद यादव व सिंटू राणा ने पहले नाबार्ड से जुड़ कर तकनीकी जानकारी हासिल की. कृषि विज्ञान केंद्र से सब्जी की उन्नत खेती का प्रशिक्षण लिया. इसके बाद तीनों ने मिलकर एक बड़ा प्लाॅट लीज पर लिया और आधुनिक संसाधनों के साथ खेती करने लगे. दो साल पहले तीनों युवकों ने खेती शुरू की. शुरुआती दौर में उन्हें नुकसान उठाना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. अब तीनों युवक एक दर्जन बेरोजगारों को अपने फाॅर्म में रोजगार दे रहे हैं. तीनों युवकों में लागत व मजदूरी देने के बाद उन्हें 40-40 हजार रुपये प्रतिमाह आमदनी हो रही है. अब तीनों युवक खेती कार्य का दायरा बढ़ाने में लगे हुए हैं. केबीके व नाबार्ड से प्रशिक्षण लेने के बाद तीनों युवकों ने मिलकर चपुआडीह पंचायत के नुनियाटांड़ में एक विशाल भूखंड को लीज पर ली और सब्जी की खेती की शुरुआत की. टपक विधि से सिंचाई के लिए भूखंड में स्ट्रक्चर खड़ा किया. शुरुआती दिनों में नुकसान उठाना पड़ा. लेकिन, आज युवाओं की मेहनत रंग लायी और वे एक दर्जन बेरोजगारों को रोजगार देने के साथ अच्छी आमदनी कर रहे हैं.

तीनों युवकों ने कुछ अलग करने की ठानी :

महुआर पंचायत के रहने वाले राजेश कुमार यादव पहले पेयजल व स्वच्छता विभाग, उमेद यादव माइक्रो फाइनांस कंपनी व सिंटू राणा एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते थे. तीनों को अच्छा वेतन भी मिल रहा था. लेकिन, तीनों इससे संतुष्ट नहीं थे. तीनों ढाई साल पहले आपस में मिले और कुछ अलग करने की योजना बनायी. इसके बाद नाबार्ड से संचालित फार्मर्स प्रोड्युसर कंपनी (एफपीओ) से जुड़े, एफपीओ में सीएमडी का पद राजेश कुमार यादव संभाल रहे हैं, जबकि उमेद यादव और सिंटू राणा बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के पद पर हैं. तीनों ने नाबार्ड और केबीके के विभिन्न प्रशिक्षणों से कृषि की तकनीक और बीज प्रबंधन की जानकारी ली.

सब्जी खरीदने फार्म पर पहुंचते हैं व्यापारी :

युवाओं ने बताया कि वर्तमान में उनके फार्म में जेठुआ फसल लगी हुई है. प्रतिदिन डेढ़ से दो क्विंटल टमाटर निकल रहा है. लेकिन, बाजार भाव कम होने के कारण उसे बेंगाबाद के कोल्ड स्टोर में सुरक्षित रख रहे हैंं, भाव बढ़ने पर बेचेंगे. इसके अलावा खीरा, बैंगन, झिंगा, तरबूज सहित अन्य फसलों को अपने फार्म से ही बेच रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

MANOJ KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >