Giridih News :वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ झारखंडनाथ महादेव का तिलकोत्सव

Giridih News :वसंत पंचमी के पावन अवसर पर परंपरा के अनुसार देवाधिदेव महादेव का तिलकोत्सव सूबे के प्रसिद्ध पर्यटन व तीर्थस्थल झारखंडधाम में श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ. इस अवसर पर झारखंडनाथ महादेव का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक रीति से तेल-फुलेल, अबीर-गुलाल अर्पित कर तिलकोत्सव हुआ.

मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा. इसी क्रम में हरिहरनाथ धाम रेंबा, दुखेश्वरनाथ धाम सहित क्षेत्र के अन्य शिवालयों में भी तिलकोत्सव का आयोजन श्रद्धा के साथ किया गया. पुजारियों ने पूजा-अर्चना कर महादेव का शृंगार किया. बसंत पंचमी के साथ शिव तिलकोत्सव की इस परंपरा को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा गया. पूजा के उपरांत भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. श्रद्धालुओं ने महादेव से सुख-समृद्धि, आरोग्य और शांति की कामना की. बसंत पंचमी के अवसर पर शिवालयों में भक्ति, आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला.

बाबा कमलेश्वरनाथ का हुआ तिलकोत्सव

मधगोपाली पंचायत अंतर्गत घुटवाली स्थित झारखंडी कमल धाम मंदिर में बाबा कमलेश्वर नाथ का तिलोत्सव शुक्रवार को हुआ. मंदिर के पुजारी मुकेश पांडेय ने विधि विधान से आदिदेव महादेव का पूजन कराया. इस दौरान मुख्य यजमान सह मंदिर प्रबंधन के सचिव यशवंत बरनवाल, कार्यकारी अध्यक्ष विवेक कुमार, शशिकांत बरनवाल, रिंकी बरनवाल, हरि ठाकुर, विक्रम बरनवाल, प्रदीप कुमार आदि उपस्थित थे.

देवरी के शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु

वसंत पंचमी के अवसर पर शुक्रवार को देवरी प्रखंड के शिवालयों में विधि विधान से भगवान भोलेनाथ का तिलकोत्सव हुआ. इस मौके पर देवपहाड़ी शिव मठ, चतरो (घासीडीह) के लकड़गढ़ा महादेव मंदिर, गुनियाथर स्थित जिरानाथर, बेलकुशी, भोजपुरो (छेछनी) स्थित मुरली पहाड़ी मंदिर, तिलयडीह (सांखो) स्थित सत्येश्वर व कुंडेलवा महादेव मंदिर, विराजपुर स्थित नावाडीह, जलखरियोडीह, मानिकबाद समेत अन्य गांव में श्रद्धालु उमड़े. देवपहाड़ी शिव मठ में मठाधीश गौरवानंद जी महाराज के नेतृत्व आयोजन हुआ. इसमें आसपास की गांवों के श्रद्धालुओं ने भाग लिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >