गिरिडीह जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में गिरिडीह स्टेडियम में चल रहे जिला स्तरीय दो दिवसीय 22वें वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन रविवार को पुरस्कार वितरण के साथ हो गया. प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश सिन्हा व विशिष्ट अतिथि डॉ विनय कुमार गुप्ता ने खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया. इस दौरान खिलाड़ियों को जिला एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक उपाध्याय, सचिव राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, उपाध्यक्ष विनय कुमार सिंह, सह सचिव अमित कुमार गुप्ता, स्टेट ऑफिसियल्स शिव सिन्हा, दीनदयाल उपाध्याय, राकेश रौशन, सद्दाब आदि ने भी मेडल प्रदान किया. प्रतियोगिता के दूसरे दिन लांग जंप, हाई जंप, शॉटपुट, जेवलिन थ्रो, रिले रेस, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़ आदि का फाइनल हुआ. बालक वर्ग में 100 मीटर दौड़ अंडर 18 के विजेता निर्मल टुडू रहे. 200 मीटर अंडर 18 के विजेता धीरज कुमार गुप्ता, 100 मीटर अंडर 20 के विजेता हर्ष केशरी रहे. जेवलिन अंडर 18 के विजेता रजत वर्मा रहे. बालिका वर्ग में 100 मीटर की विजेता कुमारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, 100 मीटर वाकिंग की विजेता विद्या और शॉटपुट की विजेता साक्षी रही.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
