Giridih News :तुलाडीह गांव के लोगों ने अपने खर्च से करायी जर्जर सड़क की मरम्मत

Giridih News :बरहमसिया-कोवाड़ मुख्य मार्ग पर स्थित बिरनी प्रखंड के भरकट्टा इंडियन बैंक से तुलाडीह गांव को जोड़ने वाले जर्जर कच्चे मार्ग की मरम्मत ग्रामीणों ने अपने खर्च पर करायी है. आजादी के बाद भी लगभग एक किलोमीटर पक्की नहीं हुई है.

इस सड़क पर आज तक जनप्रतिनिधियों का ध्यान नहीं गया. बारिश के इस मौसम में कच्ची सड़क में छोटे-बड़े कई गड्ढे बन गये थे, जिस पर ग्रामीण, छात्र और लगभग आधा दर्जन गांवों के लोग प्रतिदिन आना-जाना करते हैं. लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कत हो रही थी. कच्ची सड़क की स्थिति को देख तुलाडीह के ग्रामीणों ने सोमवार को अपनी पॉकेट से पैसे खर्च कर जेसीबी से सड़क की मरम्मत करवायी.

35 वर्ष पूर्व बनी पुलिया हो गयी है ध्वस्त

ग्रामीणों ने बताया कि तुलाडीह गांव आने-जाने के लिए लगभग 35 वर्ष पूर्व बनायी गयी पुलिया ध्वस्त हो गयी है. पुलिया टूटने के कारण छोटे-बड़े वाहनों के आवागमन में काफी दिक्कत होती है. ग्रामीणों ने अपने पैसे से सीमेंटेड पुलिया दो दिन के अंदर बनाने का भी निर्णय लिया है. ग्रामीण जितेंद्र सेठ उर्फ छोटी ने कहा कि तुलसीटांड़ पंचायत अंतर्गत तुलाडीह गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे होने से आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. ग्रामीणों ने 15 हजार रुपये खर्च कर सड़क के गड्ढों को भरवाया है. कहा कि मुख्य सड़क से तुलाडीह को जोड़ने वाला यह मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है. बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है. कई बार इस समस्या की जानकारी संबंधित विभाग व जनप्रतिनिधियों को दी गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी. सड़क मरम्मत कराने में राकेश तर्वे, मनीष तर्वे, अमरजीत बैशख्यार, निरंजन राम समेत कई लोग शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >