Giridih News :कार्यालय में लटका रहते है ताला, भटकते हैं लोग

Giridih News :बेंगाबाद प्रखंड कार्यालय के अधिकारियों की मनमानी से जनता परेशान है. अधिकारियों के आने और जाने का कोई समय और दिन निर्धारित नहीं है. यहां के कई विभागों के कार्यालय में हमेशा ताला लटका रहता है.

वर्क फ्राॅम होम में तब्दील हुआ बेंगाबाद प्रखंड कार्यालय

बेंगाबाद प्रखंड कार्यालय के अधिकारियों की मनमानी से जनता परेशान है. अधिकारियों के आने और जाने का कोई समय और दिन निर्धारित नहीं है. यहां के कई विभागों के कार्यालय में हमेशा ताला लटका रहता है. जरूरी कार्य से प्रखंड मुख्यालय आने पर ग्रामीणों को तब निराशा हाथ लगती है, जब कार्यालय अवधि में उक्त विभागों के दरवाजे बंद रहते हैं. वहीं, जब संबंधित अधिकारी से फोन से संपर्क किया जाता है, तो वे घर में ही रहकर कार्य करने की जानकारी देते हैं. इस स्थिति में कार्यालय का स्थान बाबुओं के आवास ने ले लिया है. अधिकारी अपने घर से कार्यालय के कार्य को निपटाते हैं. ऐसे में वर्क फ्रॉम होम की स्थिति तेज पकड़ रही है. नये बीडीओ के पदभार ग्रहण करने का लाभ विभिन्न विभागों के अधिकारी उठा रहे हैं, वहीं जनता को परेशान होना पड़ रहा है.

इन विभागों के कार्यालय रहते हैं बंद

बताया जाता है कि बेंगाबाद प्रखंड के प्रखंड समन्वयक, प्रखंड पशुपालन विभाग, कृषि और आत्मा विभाग के कार्यालय अधिकांशतः बंद रहते हैं. इन विभागों के अधिकारी कार्यालय आने में तभी दिलचस्पी दिखाते हैं, जब विशेष बैठक हो या वरीय अधिकारियों का आगमन हो. वहीं, बीडीओ के बाहर रहने का भी ये अधिकारी खूब लाभ उठाते हैं. जिस दिन बीडीओ बैठक या अन्य कार्यों के लिए मुख्यालय से बाहर रहते हैं, उस दिन इन अधिकारियों की मौज कटती है. कभी-कभार कार्यालय आ भी गये, तो बीच में ही निकल जाते हैं. मंगलवार को भी ऐसा ही नजारा देखा गया. दोपहर में उक्त विभागों के कार्यालय में ताला बंद था. पूछे जाने पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्य से बाहर होने की बात बतायी, जबकि कुछ जनप्रतिनिधियों का कहना था कि प्रखंड समन्वयक अधिकांश कार्य अपने घर से ही संपादित करते हैं.

लोगों में आक्रोश

अधिकारियों के मनमाने रवैये से जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों में रोष है. भाजपा नेता सुरेंद्र मंडल, झामुमो नेता खुर्शीदद अनवर हादी, फाब्ला नेता शिवनंदन यादव, रामलाल मंडल, राजेंद्र मंडल, पांचू मियां सहित अन्य ने बताया कि बीडीओ का अपने कर्मियों पर नियंत्रण करना जरूरी है. नियमित उपस्थिति प्रखंड कार्यालय से बनाना सुनिश्चित हो, ताकि बिना छुट्टी के कर्मी कार्यालय से गायब नहीं रह सकें. कहा कि बिना सूचना के घर से कार्य करनेवाले कर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए.

क्या कहते हैं बीडीओ :

इधर, बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू ने कहा कि शीघ्र मामले की जांच कराई जायेगी. विशेष परिस्थिति को छोड़कर घर से काम करने या फरार रहनेवाले कर्मियों से स्पष्टीकरण के बाद विभागीय कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >