Giridih News :तीन केंद्रों पर कदाचारमुक्त हुई नीट यूजी की परीक्षा
Giridih News :नीट यूजी 2025 की परीक्षा रविवार को गिरिडीह में शांतिपूर्ण और कदाचार-मुक्त माहौल में सम्पन्न हुई. जिले के तीन प्रमुख परीक्षा केंद्रों में कुल 1309 परीक्षार्थी शामिल हुए. एसपी, सदर एसडीएम, एसडीपीओ, डीइओ ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया.
एसपी, सदर एसडीएम, एसडीपीओ, डीइओ ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया दौरा
नीट यूजी 2025 की परीक्षा रविवार को गिरिडीह में शांतिपूर्ण और कदाचार-मुक्त माहौल में सम्पन्न हुई. जिले के तीन प्रमुख परीक्षा केंद्रों में कुल 1309 परीक्षार्थी शामिल हुए. इसमें गिरिडीह हाई स्कूल में 348, पचंबा ब्वायज स्कूल में 480 और सर जेसी बोस एक्सीलेंस स्कूल में 480 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी. परीक्षा दोपहर दो बजे शुरू होकर शाम 5 बजे तक चली. परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा. गिरिडीह के एसपी डॉ विमल कुमार, सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत और एसडीपीओ जितवाहन, डीइओ वसीम अहमद ने खुद विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की. पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे. परीक्षा के दिन सुबह 11 बजे से ही केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भीड़ लगने लगी थी. तेज धूप के बावजूद छात्र-छात्राओं में उत्साह बना रहा. कई छात्र दूरदराज से आये थे, लेकिन जिला प्रशासन की ओर से पेयजल, छांव, प्राथमिक उपचार और आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गयी थी. इसे अभिभावकों और छात्रों ने काफी सराहा.
कई परीक्षार्थियों के चेहरे पर दिखी खुशी, तो कई मायूस होकर निकले
परीक्षा के बाद जहां कई परीक्षार्थियों के चेहरे मुस्कान से खिले नजर आये, तो वहीं कुछ छात्र-छात्राएं मायूस और निराश दिखे. परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते वक्त छात्रों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली. सर जेसी बोस हाई स्कूल के बाहर परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थी राहुल कुमार, विक्रम कुमार, अनुराधा कुमारी और अमन कुमार ने बताया कि परीक्षा में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के प्रश्न पूछे गये थे. परीक्षा समाप्ति के बाद जब छात्र-छात्राएं केंद्र से बाहर निकले तो बाहर खड़े अभिभावकों की निगाहें अपने बच्चों को तलाशती रहीं. कई अभिभावक जहां अपने बच्चों की मुस्कान देख राहत की सांस ले रहे थे, वहीं कुछ छात्राओं के चेहरे पर मायूसी और आंखों में आंसू भी देखे गए. उनके परिजन उन्हें ढांढस बंधाते और समझाते नजर आये.
फिजिक्स ने रुलाया, तो बायोलॉजी ने दी राहत
छात्रों के अनुसार, फिजिक्स का पेपर अपेक्षाकृत कठिन था और कई प्रश्न जटिल थे. केमिस्ट्री के सवालों को लेकर भी विद्यार्थियों में भ्रम की स्थिति रही. हालांकि बायोलॉजी सेक्शन ने छात्रों को कुछ राहत दी, क्योंकि उसके प्रश्न अपेक्षाकृत आसान और सीधे थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.