गावां प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय पिहरा सिर्फ एक सहायक शिक्षक के भरोसे संचालित किया जा रहा है. यहां पहली से 5वीं तक की कक्षा का संचालन किया जा रहा है. इस स्कूल में लगभग सौ से अधिक छात्र छात्राएं एक ही कमरे में बैठकर पढ़ते है.
इससे पहले स्कूल में दो शिक्षक थे. एक शिक्षक सतीश चन्द्र विश्वास कुछ दिनों पूर्व सेवानिवृत्त हो गए. विद्यालय में एक मात्र शिक्षक संजय भक्त फिलहाल पदस्थापित हैं.
इन्हें मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था के साथ साथ विभागीय बैठकों व विभिन्न रिपोर्टों को भी तैयार करना होता है. वर्तमान में शिक्षकों के अभाव में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.
भवन का काम भी है अधूरा
इसके अलावा तीन सालों से भवन निर्माण का काम अटका हुआ है. विद्यालय में दो मंजिल तक चार कमरे ढलाई तक बनकर तैयार हैं, लेकिन प्लास्टर दरवाजे आदि नहीं लग पाये हैं.
किचेन का संचालन बगल के सामुदायिक भवन में हो रहा है. यहां शौचालय की भी स्थिति काफी खराब है. ग्रामीणों ने भवन को पूर्ण करवाते हुए यहां शिक्षकों को पदस्थापित करवाने की मांग विभाग से की है.
