Giridih News :सड़क सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन करें : डीसी

Giridih News :डीसी रामनिवास यादव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कीग. बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से विस्तृत समीक्षा की गयी.

डीसी श्री यादव ने निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाये. कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय जरूरी है. डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया किया कि वे दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करें तथा नियमित रूप से निरीक्षण सुनिश्चित करें.

गुड सेमेरिटन को किया पुरस्कृत

इस दौरान डीसी ने गुड सेमेरिटन के रूप में चिह्नित किये गये जाकिर हुसैन को प्रोत्साहन राशि के रूप में दो हजार का चेक दिया. डीसी ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ी सेवा है और ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं. उन्होंने जाकिर हुसैन को भविष्य में भी इसी प्रकार नि:स्वार्थ भाव से लोगों की सहायता करते रहने के लिए प्रेरित किया.

हिट एंड रन मामले में त्वरित कार्रवाई जरूरी

बैठक में हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए डीसी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाये, ताकि पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध करायी जा सके. उन्होंने आइआरएडी पोर्टल पर सभी सड़क दुर्घटनाओं की शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

जागरूकता अभियान चलाने पर जोर

यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया. कहा कि बगैर हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, तेज गति और नशे में वाहन चलाने जैसी लापरवाही पर विशेष निगरानी रखी जाये. इसके लिए नियमित जांच अभियान चलायें और आमजन को जागरूक करने के लिए विभिन्न माध्यमों का उपयोग करे. बैठक में विद्यालयों, महाविद्यालयों व सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. डीसी श्री यादव ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही संभव है. बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार, यातायात डीएसपी, कौशर अली, सभी अंचलाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >