Giridih News :मारपीट के विरोध में सफाई कर्मियों ने दिया धरना

Giridih News :बड़की सरिया नगर पंचायत के सफाई कर्मियों के साथ शनिवार को मारपीट हुई थी. इसके विरोध में सफाई कर्मी सोमवार की सुबह नगर पंचायत कार्यालय के समीप धरना पर बैठ गये. इसकी जानकारी होने पर कार्यपालक पदाधिकारी अजीत कुमार पहुंचे और आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया.

बड़की सरिया नगर पंचायत के सफाई कर्मियों के साथ शनिवार को मारपीट हुई थी. इसके विरोध में सफाई कर्मी सोमवार की सुबह नगर पंचायत कार्यालय के समीप धरना पर बैठ गये. इसकी जानकारी होने पर कार्यपालक पदाधिकारी अजीत कुमार धरना स्थल पर पहुंचे तथा घटना से संबंधित जानकारी ली. उन्होंने मारपीट की घटना के आरोपी ठाकुरबाड़ी टोला निवासी शिबू मंडल के विरुद्ध कार्रवाई के आश्वासन दिया. आश्वासन पर पांच घंटे बाद सफाई कर्मी आंदोलन समाप्त कर काम पर लौटे. घटना के संबंध में पीड़ित सफाई विजय पासवान, कृष्ण कुमार व सूरज वर्मा ने बताया कि सरिया-राजधनवार रोड के बीच बागोडीह मोड़ के पास रांची-दुमका मुख्य सड़क पर 200 मी सड़क खराब हो चुकी है, जहां सालों भर पानी जमा रहता है. बरसात उक्त जगह तालाब का रूप ले लेता है. नाली का आउटलेट नहीं होने के कारण पानी के निकास की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है. समस्या के समाधान के लिए नगर पंचायत के कनीय अभियंता राहुल कुमार के निर्देश पर वह पानी की निकासी के लिए शिबू मंडल के निजी जमीन पर काम कर रहे थे. इसे देख शिबू मंडल ने उनके साथ मारपीट की.

जमीन मालिक ने किया इनकार

हालांकि, जमीन मालिक शिबू ने सफाई कर्मियों से मारपीट से इनकार किया है. पीड़ित सफाई कर्मियों ने मारपीट की घटना की शिकायत अधिकारियों से की. लोगों ने बताया कि सफाई कर्मियों के साथ मारपीट की यह पहली घटना नहीं है. इसके पूर्व भी कई बार लोगों के साथ मारपीट हुई है. इस संबंध में बड़की सरिया नगर पंचायत मजदूर संघ के अध्यक्ष कुमारेश यादव व सचिव उपेंद्र वर्मा ने बताया कि सफाई कर्मियों के साथ मारपीट की लगातार घटना हो रही है. इससे सफाई कर्मी अपने-आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं रहने पर कर्मी धरना देने पर मजबूर हुए हैं.

कार्यपालक पदाधिकारी के आश्वासन पर धरमा समाप्त हुआ

कार्यपालक पदाधिकारी अजीत कुमार के आश्वासन पर धरना समाप्त कर सभी कर्मी अपने कार्यों पर लौट आये हैं. धरना में गोपाल वर्मा, कंचन देवी, सुभाष प्रसाद, संतोष वर्मा, झालो महतो, हरखू महतो, राजू प्रसाद, व्यास महतो, कुंजो वर्मा, नकुल प्रसाद, सूरज वर्मा, सीताराम वर्मा, सरस वानी देवी, हरखी देवी, देवंती देवी, रीता देवी, कैलाश महतो समेत अन्य सफाई कर्मी धरना में शामिल थे.

जांच के बाद होगी कार्रवाई : कार्यपालक पदाधिकारी

कार्यपालक पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पीड़ित कर्मियों के साथ जांच के लिए घटनास्थल पर गये थे. घटना की जांच की जा रही है. जांचोपरांत कार्रवाई की जायेगी. बताया कि सड़क पर हुए जमा पानी निकालने की तात्कालिक व्यवस्था की गयी है. जमीन मालिक शिबू मंडल से बातचीत कर फिलहाल उन्हीं की जमीन से होकर सड़क पर जमा पानी निकाला जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >