जमुआ : लताकी गांव निवासी समीप राज ने NEET UG में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. नीट में सफलता के बाद उनका दाखिला रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में हुआ है. उनकी इस उपलब्धि से लताकी गांव में खुशी का माहौल है.
समीप राज लताकी पंचायत की पूर्व मुखिया बबीता देवी के बेटे हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में जाने का लक्ष्य बचपन से ही तय किया था. उनका उद्देश्य भविष्य में क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में योगदान देना है. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय मां के साथ पिता प्रदीप रजक और चाचा राजेंद्र रजक के निरंतर सहयोग को दिया.
ये भी पढ़ें: शिक्षक दिवस पर वित्त रहित शिक्षकों का धरना, राज्यकर्मी का दर्जा और अनुदान में 75% बढ़ोतरी की मांग
बचपन से ही पढ़ाई में रहे मेधावी
समीप के पिता प्रदीप रजक ने बताया कि उनका बेटा बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहा है. उसकी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, गिरिडीह से हुई. इसके बाद उसने जवाहर नवोदय विद्यालय, गांडेय से आगे की पढ़ाई पूरी की. लगातार मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बाद उसने NEET UG में सफलता हासिल की.
विधायक ने दी बधाई
समीप की सफलता पर जमुआ विधायक मंजू कुमारी ने उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को एक न एक दिन सफलता जरूर मिलती है. उन्होंने समीप के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी.
