Giridih News :हत्यारोपी के पिता के अंतिम संस्कार का गांव में विरोध, सड़क पर उतरीं महिलाएं

Giridih News :तिसरी थाना क्षेत्र के सिंघो गांव में रविवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी, जब हत्याकांड के मुख्य आरोपी के पिता का शव अंतिम संस्कार के लिए गांव लाने की सूचना फैली. देखते ही देखते सैकड़ों महिलाएं और ग्रामीण सड़क पर उतर आये और शव के गांव पहुंचने का इंतजार करने लगे. उनका स्पष्ट कहना था कि हत्यारोपी या उसके परिजन किसी भी हाल में गांव में प्रवेश नहीं करेंगे और यहां अंतिम संस्कार नहीं होने दिया जायेगा.

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रंजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग टस से मस नहीं हुए. इसके बाद एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद भी गांव पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की. बावजूद, महिलाएं अपने रुख पर अडिग रहीं और साफ कहा कि हत्यारोपियों के परिवार को गांव में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी.

करीब तीन घंटे बना रहा गतिरोध

करीब दो-तीन घंटे तक चले गतिरोध के बाद सूचना मिली कि परिजन शव को सिंघो लाने के बजाय सुल्तानगंज ले जा रहे हैं. यह खबर मिलते ही ग्रामीण शांत हुए और अपने-अपने घरों को लौट गये. प्रशासन का कहना है कि अंतिम संस्कार कराना कानूनी अधिकार है और वे सिर्फ शांति व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से गांव पहुंचे थे. हालांकि, परिजनों ने स्वयं ही शव को सुल्तानगंज ले जाने का निर्णय लिया, जिससे संभावित विवाद टल गया.

जमुई जिले के सिमुलतला से बरामद हुआ था विजय का शव

सिंघो निवासी विजय यादव की 25 जनवरी 2025 को हत्या कर दी गयी थी. उसका शव एक दिन बाद तिसरी पुलिस ने बिहार के जमुई जिले के सिमुलतला से बरामद किया था. मामले में गांव के ही पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगा है. पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. घटना के बाद आरोपितों के परिजन गांव छोड़कर चले गये थे. हत्याकांड के मुख्य आरोपितों में अरुण शर्मा उर्फ अरुण ठाकुर शामिल है, जिसके पिता प्रकाश ठाकुर की मुंबई में मौत हो गयी. रविवार को परिजन प्रकाश ठाकुर का शव अंतिम संस्कार के लिए सिंघो लाने की तैयारी में थे. इसकी भनक लगते ही गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीण एकजुट होकर विरोध में खड़े हो गये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >