बिरनी. सरिया पावरग्रिड से बिरनी पावर हाउस को जोड़ने वाली 33 हजार वोल्ट (33 केवी) की मुख्य विद्युत आपूर्ति लाइन में सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे अचानक तकनीकी खराबी आ गयी. इसके कारण पूरे बिरनी प्रखंड में करीब 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही. लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से बिरनी के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
माइनर फॉल्ट ढूंढने में रातभर चली पेट्रोलिंग
लाइनमैन दीपक विश्वकर्मा के अनुसार सरिया-बिरनी मुख्य लाइन में सोमवार देर शाम तकनीकी फॉल्ट आया था. फॉल्ट का पता लगाने के लिए बिजलीकर्मियों ने रातभर लाइन की पेट्रोलिंग की, लेकिन खराबी का पता नहीं चल सका.
मंगलवार सुबह दोबारा फॉल्ट की तलाश शुरू की गयी. काफी प्रयास के बाद खराबी का पता चला, जिसके बाद उसे दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल की गयी. उन्होंने बताया कि फॉल्ट माइनर होने के कारण उसे ढूंढने में काफी परेशानी हुई.
पानी से लेकर कारोबार तक प्रभावित
स्थानीय ग्रामीण पप्पू मोदी, उमाशंकर मोदी, सुरेंद्र वर्मा, सदानंद वर्मा, रंजीत मोदी, रामदेव साव, विकास पंडित और संतोष पंडित ने बताया कि करीब 16 घंटे बिजली नहीं रहने से घरों और दुकानों में लगे समरसेबल व जेट पंप नहीं चल सके. इससे लोगों को पानी की समस्या भी झेलनी पड़ी.
ये भी पढ़ें: बगोदर में स्मार्ट मीटर ने दिया बिजली उपभोक्ताओं को झटका, 35 हजार तक के बिल से मचा हड़कंप
बिजली पर निर्भर वेल्डिंग दुकानों, प्रज्ञा केंद्रों समेत अन्य कारोबार पर भी इसका असर पड़ा. लंबे पावर कट के कारण मोबाइल, इनवर्टर और इमरजेंसी लाइट भी डिस्चार्ज हो गये. रात में गर्मी और मच्छरों के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गयी. मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे 16 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली.
क्या कहते हैं एसडीओ
बिजली विभाग के एसडीओ बिनोद कुमार ने बताया कि सरिया टू, बिरनी और भरकट्टा मेन लाइन में माइनर गड़बड़ी थी. गड़बड़ी छोटी होने के कारण उसका पता लगाने में समय लगा. फॉल्ट मिलने के बाद उसे दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी.
