गिरिडीह: गिरिडीह जिले के बिरनी भरकट्टा ओपी क्षेत्र के पेशम में सच्चिदानंद सिन्हा व शिवनारायण सिंह सोमवार की सुबह धान रोपने के दौरान आपस में उलझ गये और दोनों के बीच मारपीट की घटना हो गयी. मारपीट में एक पक्ष से पति-पत्नी मीना सिन्हा व सच्चिदानंद सिन्हा घायल हो गये.
दंपती का इलाज सीएचसी बिरनी में किया गया. चिकित्सक ने मीना सिन्हा सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया. घायल सच्चिदानंद ने बताया कि गांव के ही शिवनारायण सिंह जबरन उनकी खतियानी जमीन को हड़पने के लिए जबरन धान रोप दिया है. मना किया तो मारपीट कर उन्हें और उनकी पत्नी को घायल कर दिया.
शिवनारायण के पुत्र गौतम सिंह ने खुद को दुर्गा पूजा में समझौता करने के लिए कहा और उल्टा धान रोप दिया. भरकट्टा ओपी में आवेदन देकर दोषी के खिलाफ शिकायत की है. वहीं, शिवनारायण के पुत्र गौतम सिंह ने कहा कि खरीदारी जमीन पर बीते रविवार को उनलोगों ने धान रोपा है. सोमवार को धान को उक्त लोग उखाड़ रहे थे.
मना करने पर पति-पत्नी धान खेत से ही गाली गलौज करते हुए कीचड़ फेंकने लगे. कीचड़ फेंकने में ही महिला धान के खेत में गिर गयी. मारपीट नहीं की गयी है. जमीन का कागजात देखने की बात भी हुई है. उसके बाद भी ओपी में जाकर झूठा मुकदमा दर्ज करने के लिए आवेदन दे दिया है. ओपी के एएसआइ भगतलाल मंडल जांच के लिए भी पहुंचे हैं. आरोप बिल्कुल निराधार है. वहीं, ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय ने कहा कि आवेदन मिला है. जांच के लिए पदाधिकारी को भेजा गया है. जांच होने पर कार्रवाई की जायेगी.
