Giridih News: गावां हाट में लगातार हो रही चोरी की वारदात से लोग भयभीत

Giridih News: बताया जाता है कि कुछ मामलों में पुलिस की कार्रवाई हुई भी, पर उसका कोई असर नहीं हुआ. कुछ मामलों में गिरफ्त में आये लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया.

गावां में बुधवार को लगने वाले हाट में चोरी की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है. गत दो पखवारों में गावां हाट आये लगभग डेढ़ दर्जन लोगों के मोबाइल व कई बाइकों की चोरी हुई है. बताया जाता है कि कुछ मामलों में पुलिस की कार्रवाई हुई भी, पर उसका कोई असर नहीं हुआ. कुछ मामलों में गिरफ्त में आये लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया.

पूछताछ कर छोड़ दिया गया

गत 23 जुलाई को गावां हाट से रामचंद्र चौधरी, आदित्य भास्कर, राजीव रंजन, सीताराम पांडेय, दिनेश दास, मुजाहिद इस्लाम समेत एक दर्जन लोगों के मोबाइल की चोरी हो गयी. पॉकेट से मोबाइल निकालते हुए एक नाबालिग बच्चे को ग्रामीणों ने पकड़कर गावां थाना पुलिस को सौंपा था जिसे बाद में पूछताछ कर छोड़ दिया गया. इसी दिन अशोक दास के बाइक की भी चोरी कर ली गयी. वह अपनी बाइक (जेएच 11जेड-5498) गावां बायपास में खड़ी कर हाट में खरीदारी कर रहा था. वहीं से उसकी बाइक की चोरी हो गयी. गत 28 अगस्त को गावां हाट में खरीदारी करने पहुंचे नौशाद आलम, मो क्यूम, वहाब खान, उमेश राउत, राकेश यादव समेत अन्य लोगों के मोबाइल की चोरी हो गयी. उक्त वारदात में भी ग्रामीणों ने एक नाबालिग बच्चे व एक युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा, पर गावां थाना पुलिस दो दिनों तक पूछताछ के बाद उन्हें भी छोड़ दिया.

नाबालिगों का लिया जा रहा सहारा

उक्त दोनों घटनाओं में ग्रामीणों ने बच्चे को पकड़कर पुलिस को सौंपा था. दोनों बच्चे साहेबगंज जिले के रहने वाले थे. भुक्तभोगियों ने बताया कि इसके साथ दो से तीन युवक भी रहते हैं जो चुराये गये मोबाइल को फौरन अपने कब्जे में ले लेते हैं. इससे नाबालिग के पास कोई भी साक्ष्य नहीं होता है. बच्चे के पकड़े जाने के बाद हाट की भीड़ का फायदा उठाकर वे गायब हो जाते हैं. पूछताछ में चोरी गये सामानों की रिकवरी नहीं होने से उन्हें छोड़ दिया जाता है. गावां हाट बाजार से बाइक की चोरी एक आम बात है. लोगों का कहना है कि हाट में बिक्री करने वालों का नाम-पता एक समिति बनाकर उसे उपलब्ध कराना चाहिए. गावां थाना में दोनों घटनाओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है, पर मामले का उद्भेदन अब तक नहीं हो पाया है.

मामले के उद्भेदन के लिए किया जा रहा प्रयास

मामले में गावां थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि दोनों मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मामलों के उद्भेदन का प्रयास जारी है. दोनों मामलों में ग्रामीणों द्वारा सौंपे गये नाबालिगों के पास से चोरी के समान बरामद नहीं होने से उन्हें बॉन्ड पर छोड़ा गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MAYANK TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >