तैयारी. गिरिडीह सदर अस्पताल में शुरू हो रही है नयी व्यवस्था
जिले में चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सदर अस्पताल में नयी व्यवस्था लागू की जा रही है. इस व्यवस्था के तहत आयुष्मान भारत कार्ड के माध्यम से इलाज करवाने वाले मरीजों व कैंसर से पीड़ितों के लिए अस्पताल में विशेष वार्ड बनाया जा रहा है. इससे मरीजों को इलाज करवाने में काफी सुविधा मिलेगी. यह दोनों वार्ड सदर अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर में बनायी जा रही है. वार्ड को तैयार करने के लिए कर्मियों को लगा दिया गया है. बता दें कि इलाज करवाने वाले मरीजों के लिए वार्ड में विशेष इंतजाम किये गये हैं. जानकारी के अनुसार गिरिडीह सदर अस्पताल में आयुष्मान कार्ड के तहत इलाज करवाने वाले मरीज अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचते है. ऐसे मरीज आर्थिक रूप से कमजोर और लाचार होते हैं. इसलिए आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज करवाने वाले मरीजों की संख्या अस्पताल में अधिक होती है. पहले आयुष्मान भारत कार्ड से माध्यम से इलाज करवाने वाले मरीजों का इलाज सदर अस्पताल के आइसीयू में होता था. अन्य मरीज मरीजों का भी इलाज वहीं होता है. इसके कारण आयुष्मान भारत कार्ड से इलाज करने वाले मरीजों को काफी असुविधा होती थी. इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सदर अस्पताल में आयुष्मान वार्ड खोलने का निर्णय लिया.कैंसर मरीजों को मिलेगी नर्सिंग की सुविधा
आयुष्मान वार्ड के बगल में कैंसर वार्ड का भी निर्माण किया जा रहा है. बताया गया जो मरीज कैंसर से पीड़ित है, वह अब सदर अस्पताल में अपना इलाज करवा सकेंगे. इसको लेकर भी एक विशेष वार्ड बनाया जा रहा है. कैंसर पीड़ित मरीजों को घर में असुविधा होती है. उनका इलाज सदर अस्पताल के विशेष वार्ड में किया जायेगा. यहां पर उन्हें नर्सिंग सुविधा भी मिलेगी. इसके अलावा कैंसर की दवाइयां भी उपलब्ध करवायी जायेंगी. अब कैंसर के मरीजों को अपना इलाज बाहर जाकर करवाने की जरूरत नहीं है. उनका भी अस्पताल में विशेष ध्यान रखा जायेगा. इलाज करवाने के लिए उन्हें बार-बार बाहर जाने से उन्हें छुटकारा मिलेगा.तीन-चार दिनों में दोनों वार्डों का किया जायेगा उद्घाटन : सिविल सर्जन
गिरिडीह के सिविल सर्जन डॉ शिव प्रसाद मिश्रा ने बताया कि सदर अस्पताल में आयुष्मान और कैंसर वार्ड बनाया जा रही है. इसकी तैयारी भी लगभग पूरी हो चुकी है. दोनों वार्ड में मरीजों को विशेष सुविधा दी जायेगी. आयुष्मान के दो वार्ड बनाये जा रहे है. महिला वार्ड और पुरुष वार्ड अलग-अलग वार्ड होंगे. कहा कि इन दोनों वार्डों के खुल जाने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी. वहीं वार्ड में ठंड के दिनों में मरीजों के लिए हीटर की व्यवस्था की जायेगी और गर्मियों में एसी की सुविधा मिलेगी. दोनों वार्डों का उद्घाटन तीन-चार दिनों में किया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
