Giridih News :रिबांता स्टील के विस्तारीकरण का विरोध

Giridih News :झारखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने रिबांता स्टील प्राइवेट लिमिटेड के विस्तारीकरण को लेकर सोमवार को मौजा भोरनडीहा व विश्वासडीह स्थित प्लांट साइट में लोक सुनवाई की. सुनवाई की अध्यक्षता सदर एसडीओ श्रीकांत यशवंत विस्पुते ने की. झारखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विवेक कुजूर, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अभियंता कुंदन कुमार दास, गिरिडीह जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक शंभु शरण बैठा मौजूद थे.

सुनवाई स्थल पर लगभग 200 से अधिक लोग जुटे. सभी के हाथों में जान दे देंगे लेकिन स्पंज प्लांट नहीं लगने देंगे की तख्ती लिखी हुई थी. सुनवाई शुरू होते ही सभी ने एक स्वर में विरोध करना शुरू कर दिया. लेकिन, एसडीओ के समझाने के बाद कंपनी के प्रतिनिधि ने प्लांट विस्तारीकरण के बारे में विस्तृत जानकारी दी. उसके बाद बारी-बारी से सभी ने अपनी-अपनी बातें रखी और विरोध दर्ज कराया.

प्लांट के अंदर कार्यवाही का विरोध

लोगों ने यह भी कहा कि लोक सुनवाई खुले स्थान में होनी चाहिए थी, पर प्लांट के अंदर किस नियम के तहत कराई जा रही है. गंगापुर की पूजा कुमारी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की बात बेमानी है. प्रदूषण के खिलाफ यहां विरोध करने के लिए महिलाओं को आना पड़ा है. हमलोग प्रदूषण से त्रस्त हैं. जान दे देंगे, लेकिन स्पंज प्लांट नहीं लगने देंगे. शुभांकर कुमार ने कहा कि गिरिडीह और रामगढ़ में औद्योगिक इकाई के लिए भूजल का इस्तेमाल पर प्रतिबंध है, तो पानी कहां से लाया जायेगा पानी. गलत तरीके से प्लांट लगाने और चलाने नहीं दिया जायेगा.

प्रदूषण से बेकार हो जल, जंगल, जमीन

सुनील साव, चंदर वर्मा, दिलीप साव, विनोद शर्मा, बबलू साव, कमल किशोर मल्लाह, मंतोष राणा, मिथुन तिवारी, कन्हाई पांडेय, राजेश सिन्हा, दिलीप उपाध्याय, विक्की कुमार राणा, हसनैन अली, रणजीत राय, विजय राय, आजाद आलम, विकास कुमार राय, अरुण कुमार साव, बुधन मल्लाह, उमेश राणा ने प्लांट विस्तारीकरण का विरोध किया. सभी ने कहा कि प्रदूषण के कारण जल, जंगल, जमीन सभी बेकार हो गये हैं. पीने का शुद्ध पानी नहीं है. पेड़-पौधे झुलस गये हैं. बोरिंग करने पर पानी नहीं निकलता है. लोग टीबी से ग्रसित हैं. बच्चे अपंग पैदा हो रहे हैं.

इएसपी मशीन लगाने की बात पर भी शांत नहीं हुए लोग

इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि ने जैसे ही बताया कि प्लांट के विस्तारीकरण में इएसपी मशीन के साथ हाई टेक्नोलॉजी की मशीनें लगायी जाएगी, सभी एक साथ उठ खड़े हुए और सीधे कहा स्पंज प्लांट नहीं लगने देंगे तो नहीं लगने देंगे. एसडीओ ने कई लोगों के उठाये गये सवाल के जवाब में बताया कि प्रशासन ने प्रदूषण को लेकर कई फैक्ट्रियों को नोटिस जारी किया है और गड़बड़ियों का सुधार कराया है. उन्होंने कहा कि जैसा आपलोगों ने कहा है, वही रिपोर्ट विभाग को भेजी जाएगी. सुरक्षा के लिए पुलिस भी मौजूद थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >