गिरिडीह. सरिया थाना क्षेत्र में लगातार दो रातों में चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गयी है. चोरों ने रविवार और सोमवार की रात अलग-अलग स्थानों पर वाहनों और पंचायत सचिवालय को निशाना बनाया. नावाडीह पंचायत सचिवालय से करीब 45 हजार रुपये मूल्य की दो सरकारी बैट्रियां चोरी कर ली गयीं. वहीं, बागोडीह गांव में छह ट्रैक्टर और एक पिकअप वैन से भी बैट्रियां खोलकर ले जाने की घटना सामने आयी है. दोनों मामलों में पीड़ितों की ओर से सरिया थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गयी है.
ये भी पढ़ें: 24 घंटे में महज 6-8 घंटे बिजली! सरिया में उग्र आंदोलन की तैयारी, जानें क्या हैं प्रमुख मांगें
पंचायत सचिवालय का ताला तोड़कर चोरी
नावाडीह पंचायत की मुखिया हेमंती देवी ने मंगलवार को सरिया थाना प्रभारी को दिये आवेदन में बताया कि सोमवार की रात चोरों ने पंचायत सचिवालय के मुख्य द्वार समेत विभिन्न कमरों के ताले तोड़कर चोरी की. मंगलवार सुबह पंचायत कर्मी और ग्रामीण सचिवालय पहुंचे तो कई ताले टूटे मिले. इसके बाद मुखिया हेमंती देवी, पंचायत समिति सदस्य दिनेश्वर दास, प्रज्ञा केंद्र संचालक शशिप्रकाश नायक, वार्ड सदस्यों और ग्रामीणों की मौजूदगी में सचिवालय की जांच की गयी.
जांच के दौरान 220 एएच क्षमता की दो बैट्रियां गायब मिलीं. इनकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बतायी गयी है. मुखिया ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच और चोरी गयी बैट्रियों की बरामदगी की मांग की है.
ऑनलाइन नागरिक सेवाएं प्रभावित
पंचायत सचिवालय से बैट्रियां चोरी होने के कारण कंप्यूटर संचालन और प्रज्ञा केंद्र की ऑनलाइन नागरिक सेवाएं प्रभावित हो गयी हैं. प्रमाणपत्र जारी करने समेत अन्य प्रशासनिक कार्यों पर भी इसका असर पड़ा है. इससे पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद सरिया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
बागोडीह में सात वाहनों से बैट्रियां चोरी
इससे एक रात पहले रविवार की मध्य रात्रि बागोडीह गांव में भी चोरों ने घरों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाया. ग्रामीणों के अनुसार चोर छह ट्रैक्टर और एक पिकअप वैन की बैट्रियां खोलकर ले गये. वाहन मालिक इम्तियाज अंसारी, महेंद्र साव, दीपू राम, अशोक राणा, गुड्डू सिंह और संतोष यादव ने संयुक्त रूप से सरिया थाना में आवेदन देकर जांच और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
लगातार दो रात हुई चोरी की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश है. ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: गिरिडीह में देर रात चोरी की वारदात: ताला तोड़कर उड़ाई नगदी और सामान, जांच में जुटी पुलिस
