थाना क्षेत्र के कुलगो टोल प्लाजा के समीप स्थित एक चाय दुकान पर सोमवार रात चाय पीने आये कुछ लोगों पर फायरिंग करने वाले नाबालिग को डुमरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसके पास से मेड इन यूएसए पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और मौके पर गिरा 7.65 एमएम का खोखा बरामद किया है. नावाटांड़ निवासी समीर अंसारी ने थाना में इसकी शिकायत की है. कहा है कि वह अपने दो साथियों के साथ यादव होटल पर चाय पी रहा था, तभी काले रंग की बाइक से दो युवक वहां पहुंचे, उनमें से एक युवक ने पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद एक राउंड फायरिंग कर दी. संयोगवश गोली किसी को नहीं लगी. समीर अंसारी द्वारा बनाये गये वीडियो के आधार पर पुलिस ने नाबालिग की पहचान की और दो घंटे के भीतर तकनीकी और मानवीय इनपुट के जरिये उसे टोल प्लाजा से कुछ दूरी पर स्थित एक होटल के पास पकड़ लिया.
क्या कहते हैं एसडीपीओ
डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने बताया कि आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके पास से यूएसए निर्मित पिस्टल और एक जिंदा कारतूस मिला मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि नाबालिग के पास हथियार कहां से आया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
