Giridih News :मंत्रियों ने की पीरटांड़ मेगा लिफ्ट योजना की समीक्षा

Giridih News :जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन अंसारी व पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने गुरुवार को पीरटांड़ मेगा लिफ्ट परियोजना का जायजा लिया. यह योजना 640 करोड़ की है. बराकर नदी से तालाबों में पानी जमा किया जायेगा. तालाबों से पानी खेतों तक पहुंचाया जायेगा. मंत्रियों ने अधिकारियों से अब तक हुए कार्य की जानकारी ली.

हफीजुल हसन व सुदिव्य कुमार सोनू ने अधिकारियों से कार्य संबंधित जानकारी ली

पीरटांड़ मेगा लिफ्ट परियोजना के कार्य की स्थिति की जानकारी गुरुवार को जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन अंसारी व पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने ली. गुरुवार को पीरटांड़ प्रखंड मुख्यालय में इसकी समीक्षा की गयी. उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी डॉ विमल कुमार के साथ संबंधित विभाग के पदाधिकारियों के अलावा अनुमंडल और प्रखंड के पदाधिकारी भी मौजूद थे. यहां कार्य की पूरी रिपोर्ट दोनों मंत्रियों ने ली और कार्य एजेंसी से साफ कहा कि तय समय से पहले ही काम पूरा करना है, ताकि यहां के लोगों को सिंचाई की सुविधा मिल सके. समीक्षा के बाद मंत्री हफिजुल ने कहा कि पीरटांड़ में मेगा लिफ्ट परियोजना के कार्य की क्या स्थिति है, इससे वे अवगत हुए हैं. कार्य गति से चल रही है. जल्द से जल्द इस काम को पूरा किया जायेगा.

640 करोड़ की है योजना

पदाधिकारियों ने बताया कि योजना लगभग 640 करोड़ की है. हालांकि, यह भी बताया गया कि प्राक्कलन में कुछ बढ़ोतरी हुई है. योजना का ठेका जिंदल कंपनी ने लिया है. बराकर नदी के दुधनियां में वियर का निर्माण हो रहा है. वहीं गांवों में तालाब का निर्माण चल रहा है, जहां बराकर के पानी को जमा किया जायेगा. तालाबों में पानी जमा कर खेतों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जायेगी. इससे क्षेत्र के किसान सालों भर खेती कर सकेंगे.

दुमका में सफल रही योजना

मंत्रियों के अनुसार दुमका में यह परियोजना काफी सफल रही है. अब पीरटांड़ में यह योजना धरातल पर उतर रही है. इस कार्य को तीन सालों में पूरा करना है. इसके तहत 17 पंचायत में लगभग 116 तालाब का निर्माण होना है. अभी कुछ ही पंचायतों में तालाब का निर्माण शुरू हुआ है. बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >