जमुआ के चेलियापहाड़ी में खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 7 कंप्रेसर और पोकलेन जब्त. छह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

गिरिडीह के जमुआ में चेलियापहाड़ी पर अवैध पत्थर उत्खनन का भंडाफोड़ हुआ. खनन विभाग ने 7 कंप्रेसर, ट्रैक्टर और पोकलेन जब्त किए, 6 लोगों पर FIR दर्ज की गई.

गिरिडीह. जमुआ थाना क्षेत्र के गोबिंदपुरा स्थित चेलियापहाड़ी में लंबे समय से चल रहे कथित अवैध पत्थर उत्खनन के खिलाफ खनन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई की है. सोमवार सुबह डीसी के निर्देश पर की गयी छापेमारी में बड़े पैमाने पर पत्थर उत्खनन किये जाने की बात सामने आयी. मौके से खनन में इस्तेमाल किये जा रहे सात कंप्रेसर, ट्रैक्टर और एक पोकलेन को जब्त किया गया है. कार्रवाई के बाद खनन विभाग की ओर से छह लोगों के खिलाफ जमुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.

जिला खनन पदाधिकारी शुभम दाता के आवेदन पर जमुआ थाना में कांड संख्या 268/2026 दर्ज किया गया है. आवेदन में बताया गया है कि चेलियापहाड़ी के पास अवैध रूप से पत्थर का उत्खनन किये जाने की सूचना पर टीम जांच के लिए पहुंची थी. टीम ने मौके पर बड़ी मात्रा में पत्थर उत्खनन का काम चलता पाया. वहां मशीनों और वाहनों की मदद से पत्थर निकाला जा रहा था.

टीम को देखते ही मजदूर और चालक भागे

खनन विभाग के आवेदन के अनुसार, छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम को देखते ही मौके पर मौजूद कई मजदूर और वाहन चालक वहां से भाग गये. हालांकि, टीम ने अवैध उत्खनन में इस्तेमाल किये जा रहे उपकरणों और वाहनों को जब्त कर लिया.

जांच के दौरान खदान के संचालन से जुड़े लोगों के संबंध में आसपास के ग्रामीणों से जानकारी ली गयी. आवेदन में ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर मंगरू साव, सुनील मेहता, अनिल साव, रंजीत वर्मा, सिकंदर साव और जितेंद्र वर्मा के नाम का उल्लेख किया गया है. खनन विभाग ने आरोप लगाया है कि उक्त लोग संयुक्त रूप से खदान का संचालन कर रहे थे.

बिना वैध चालान और लीज के उत्खनन का आरोप

खनन विभाग की ओर से दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि बिना वैध चालान और लीज के पत्थर का उत्खनन किया जा रहा था. विभाग ने इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने और सरकारी राजस्व की क्षति होने की बात कही है. मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की गयी है.

खनन विभाग और पुलिस अब मामले की जांच कर रही है. प्राथमिकी में नामजद लोगों की भूमिका समेत अवैध उत्खनन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें: गिरिडीह: करमा पर्व की तैयारी के बीच गानोडीह तालाब में दर्दनाक हादसा, फूल तोड़ने उतरे राजमिस्त्री की मौत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil verma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >