Giridih News :छापेमारी और कार्रवाई के बाद भी नहीं रुक रही है शराब की तस्करी

Giridih News :स्थानीय प्रशासन और उत्पाद विभाग की लगातार छापेमारी के बाद भी तिसरी प्रखंड से शराब की तस्करी हो रही है. यहां से शराब सीमावर्ती बिहार में खपायी जा रही. इधर, कुछ माह से विदेशी शराब की तस्करी जोरों पर है.

यहां से हरियाणा व झारखंड लेबल की विदेशी शराब को प्रखंड सीमा से सटे बिहार में खपाया जा रहा है. तिसरी प्रखंड मुख्यालय से दोपहिया, चार पहिया और सवारी गाड़ियों में भी विदेशी शराब को साबुन के कार्टन समेत अन्य तरीकों से बिहार से सटी सीमा पर ले जाया जाता है. वहां से बिहार क्षेत्र के तस्कर शलाब ले जाते हैं.

तीन-चार रास्तों से बिहार सीमा तक पहुंचती है शराब

तिसरी से तीन-चार रास्तों का प्रयोग शराब तस्कर करते हैं. तिसरी-चंदौरी से लोकाई, नारोटांड, घुठिया होते हुए बिहार के गड़ही, खेरा जमुई तक शराब भेजी जाती है. दूसरा रास्ता जंगल क्षेत्र से गुजरता है. तिसरी से चंदौरी, मोदीबीघा, मनसाडीह, उजवे तक माफिया शराब ले जाते हैं और वहां एक घर में इकट्ठा करते हैं. वहां से बिहार के शराब तस्कर दोपहिया वाहन पर शराब की पेटी ले जाते हैं और मनमाने दाम पर बेचते हैं. लग्जरी कारों से शराब से भरे कार्टनों को अन्यत्र जगहों से लाकर तिसरी होते हुए बिहार ले जाया जा रहा है. इसमें तिसरी और चंदौरी के सथानीय लोगों का भी सहयोग रहता है.

16 मार्च को पकड़ी गयी थी बड़ी खेप

16 मार्च को भी तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी- पल्मरुआ सड़क पर पुलिस ने छापेमारी कर अवैध रूप से लगभग चार लाख रुपये की विदेशी शराब भरी एक लग्जरी कार को जब्त किया था. इसमें बिहार का एक शराब माफिया गिरफ्तार हुआ, जबकि तीन भागने में सफल रहे थे. इस मामले में भी तिसरी के दो स्थानीय शराब तस्करों का नाम आया था. गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के बाद तिसरी व बिहार के दो-दो तस्करों को नामजद किया गया था. बताया जाता है कि वर्तमान में तिसरी प्रखंड के एक दर्जन से ज्यादा शराब तस्कर सक्रिय हैं. इन रास्तों में दो-दो थाने और कई पुलिस पिकेट भी हैं, लेकिन शराब माफिया पुलिस की आंखों में धूल झोंककर दिन-रात देसी-विदेशी शराब बिहार ले जाते हैं.

सूचना के आधार पर लगातार हो रही कार्रवाई : एसआई

उत्पाद विभाग के एसआई रवि रंजन ने कहा कि विभाग लगातार छापेमारी कर रहा है. पिछले दिनों हजारों लीटर महुआ शराब को नष्ट भी किया गया और सैकड़ों पेटी विदेशी शराब के साथ तस्करों की गिरफ्तारी कर जेल भी भेजा गया है. कहा कि विभाग में कुछ कर्मियों की कमी जरूर है, लेकिन क्षेत्र में लगातार छापेमारी की जा रही है. सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई हो रही है. हर हाल में शराब की अवैध रूप से की जा रही तस्करी रोकी जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pradeep kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >