सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रवासी मजदूर के परिवार की मुश्किल घड़ी में झारखंड एकता समाज, विक्टोरिया गार्डन की टीम ने मदद का हाथ बढ़ाया. संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सौंपी. संगठन के महासचिव विजय यादव की मौजूदगी में सदस्यों ने परिवार को आगे भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
भरपाई तो संभव नहीं, पर साथ खड़ा होना जरूरी
आर्थिक सहायता मिलने पर मृतक के परिजनों ने संगठन के प्रति आभार जताया. सदस्यों ने कहा कि परिवार के किसी सदस्य के असमय चले जाने से पैदा हुई मुश्किलों की भरपाई तो संभव नहीं है, पर संकट के समय साथ खड़े होकर परिवार का हौसला जरूर बढ़ाया जा सकता है.
प्रवासी मजदूरों के परिवारों के लिए संवेदना और सहयोग
झारखंड एकता समाज के केंद्रीय अध्यक्ष मंजीत यादव ने कहा कि समाज की वास्तविक ताकत एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होने से बनती है. झारखंड के बड़ी संख्या में मजदूर रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों में काम करते हैं. परिवार से दूर रहकर काम करने के दौरान कई बार वे दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं. ऐसी स्थिति में उनके परिवार को अकेला महसूस नहीं होने देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है.
साथ खड़ा होना सभी का दायित्व
उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं है. जरूरत के समय समाज के लोगों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा होना भी संगठन की प्राथमिकता है.
उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट रहने और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की. विक्टोरिया गार्डन ने भरोसा जताया कि भविष्य में भी समाज के सदस्य के सामने संकट आने पर संगठन अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करेगा.
मौके पर केंद्रीय अध्यक्ष मंजीत यादव, महासचिव विजय यादव, मीडिया प्रभारी पिंटू कुमार यादव, गुलाब यादव, बालेश्वर विश्वकर्मा, महेश रजक, सिकंदर रजक, पूनम हज्जाम, चंद्रदेव यादव उर्फ नेता जी, दीपक यादव, नरेश, सहदेव यादव समेत अन्य सदस्य मौजूद थे.
