रांची में आंदोलनरत छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को देवरी प्रखंड के चतरो में भाजपा कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. सुबह दस बजे से ग्यारह बजे तक सड़क को जाम रखा गया. इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और सैकड़ों यात्री व मालवाहक वाहन जाम में फंस गये.
छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश
चक्का जाम का नेतृत्व कर रहे भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राम ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे निहत्थे छात्रों पर हेमंत सोरेन सरकार की पुलिस ने बर्बरतापूर्ण कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज किया. उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए.
चरणबद्ध आंदोलन का एलान
भाजपा नेता वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि नौकरी बेचे जाने का विरोध कर रहे छात्रों पर लाठी, आंसू गैस के गोले और पानी की बौछार का इस्तेमाल करने वाली राज्य सरकार के खिलाफ मंगलवार को सांकेतिक आंदोलन किया गया है. उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुई कार्रवाई के विरोध में आगे चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जायेगा.
कांवरिया वाहनों को जाम से रखा मुक्त
चक्का जाम के दौरान उमस भरी गर्मी में सैकड़ों यात्री और मालवाहक वाहन फंसे रहे, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि कांवरिया यात्रियों की सुविधा को देखते हुए उनके वाहनों को जाम से मुक्त रखा गया. कांवरिया यात्रियों के साथ एम्बुलेंस, अन्य रोगी वाहन व आवश्यक सेवा वाले वाहनों को जाम के बीच गुजरने की छूट दी गयी थी.
चक्का जाम में मंडल अध्यक्ष अजय तिवारी, भाजपा नेत्री गीता हाजरा, मीरा तिवारी, पार्टी नेता वीरेंद्र तिवारी, अजय सिंह, रतन तिवारी, फाल्गुनी राय, बाबुमनी सिंह, विजयनंदन तिवारी, उमेश राय, नवकिशोर तिवारी, गोपाल राय, सुरेश हाजरा, भरत सिंह, सुनील वर्मा, बालेश्वर राय, प्रमोद गिरि, नवीन कुमार राय, अजय भोक्ता, लालगोविंद मिश्र, सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.
