Giridih News :जीएसटी अधिकारी 20 लाख की सोना ठगी का मामला दर्ज

Giridih News :धनवार में बुधवार की दोपहर जेवर व्यापारी से ठगी और कारीगर के अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है. अपराधी स्टेट बैंक के सामने जेवर कारीगर हरिहर साव से सौ ग्राम से अधिक सोने (कीमत लगभग 18-20 लाख रुपये) की ठगी कर ली गयी. भुक्तभोगी ने गुरुवार को धनवार थाना में आवेदन दिया.

आवेदन के आधार पर ठगों के खिलाफ कांड सं 97/2026 दर्ज किया गया है. बताया कि उनके आभूषण बनाने की दुकान पर बुधवार दोपहर करीब 3.30 बजे चारपहिया वाहन संख्या डब्ल्यूबी 12एवी 9787 से पुलिस और अधिकारी के ड्रेस में छह-सात लोग पहुंचे. उन्होंने खुद को जीएसटी से बताकर जीएसटी बिल, खरीदारी के कागजात और सोने के आभूषणों के हॉलमार्क की जांच के नाम पर दुकान में रखे सभी जेवर अपने कब्जे में ले लिये. श्री साव और उनके दो सहयोगी का मोबाइल भी ले लिया.

देवघर ऑफिस ले जाने के नाम पर गाड़ी में बैठा लिया

इसके बाद हरिहर को अपने साथ वाहन में बैठाया देवघर ऑफिस ले जाने की बात कही. रास्ते में उनकी बातचीत से भुक्तभोगी को शक हुआ कि सभी ठग हैं. इस दौरान ठगों ने मामला आपस में ही सलटा लेने के लिए दो लाख रुपये देने की बात भी कही, लेकिन साथ में नगदी नहीं रहने के कारण देवघर पहुंचने से पहले देवीपुर में एक स्थान पर गाड़ी रोककर हरिहर को ग्राहक सेवा केंद्र से पैसा निकालने के लिए मोबाइल देकर उतार दिया. जैसे ही हरिहर केंद्र के पास पहुंचे वाहन सवार सोना लेकर फरार हो गये. हरिहर के अनुसार शाम 3. 37 बजे आरोपी दुकान में घुसे और 3.55 पर उन्हें साथ ले गये. शाम करीब 6.10 बजे देवीपुर के पास उन्हें छोड़ दिया गया. मोबाइल बंद किये जाने के कारण वह तुरंत संपर्क नहीं कर सके. बाद में एक राहगीर की मदद से मोबाइल चालू कर परिजनों को सूचना दी. परिजन रात करीब 11:30 बजे उन्हें वापस धनवार लेकर आये. इस घटना में करीब 18-20 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण ठग लिये हैं. इनमें कई जेवर ग्राहकों ने बनवाने के लिए दिए गए थे. घटना के समय दुकान में उनका भतीजा विकास साव और गोपाल प्रमाणिक भी मौजूद थे.

बाजार में दहशत का माहौल

घटना के बाद धनवार बाजार के आभूषण व्यवसायियों में हड़कंप है. क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक आभूषण दुकानें हैं. शादी-विवाह के सीजन में यहां काफी भीड़ रहती है. कारीगरों की भी एक दर्जन से अधिक दुकानें हैं, जहां सोने-चांदी के आभूषण तैयार किये जाते हैं.

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

बताया जा रहा है कि घटनास्थल और आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गयी है. दुकान के सामने एसबीआइ की शाखा और एटीएम भी है, जहां कैमरे लगे हुए हैं. आसपास की दुकानों के फुटेज से भी महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है. बता दें कि कारीगर की दुकान दूसरी मंजिल पर है, जहां अनजान लोगों का सीधे पहुंचना आसान नहीं माना जाता. ऐसे में ठगों का सीधे नाम लेकर दुकान (वर्कशॉप) में पहुंचना भी संदेह पैदा करता है. धनवार थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार पाल ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pradeep kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >