Giridih News: नगर निगम चुनाव : मेयर पद के लिए चार व वार्ड पार्षद पद के लिए 118 ने किया नामांकन

Giridih News: नगर निगम चुनाव को लेकर नामांकन की प्रक्रिया जारी है. मंगलवार को गिरिडीह समाहरणालय स्थित निर्वाची पदाधिकारी बिजय सिंह बिरूआ के समक्ष मेयर पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार डॉ शैलेंद्र कुमार चौधरी के अलावा तीन निर्दल बनारसी लाल दास, अनिल दास, फूल देवी ने नामांकन पर्चा दाखिल किया.

नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न वार्डों के लिए निर्वाची पदाधिकारियों के समक्ष 118 अभ्यर्थियों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया. सभी अभ्यर्थी अपने-अपने समर्थकों के साथ समाहरणालय व गिरिडीह प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे. नामांकन के बाद सभी ने नगर निगम क्षेत्र का समुचित विकास करना प्राथमिकता बताया है. नामांकन को लेकर समाहरणालय में सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया था.

प्रखंड कार्यालय परिसर में गहमागहमी की स्थिति

इधर, नामांकन को लेकर गिरिडीह प्रखंड कार्यालय परिसर में गहमागहमी की स्थिति रही. नामांकन कराने आने वाले अभ्यर्थियों के साथ समर्थकों की हुजूम थी. कोई जुलूस के शक्ल में पैदल तो कोई बाइक पर सवार होकर नामांकन कराने के लिए पहुंचें थे. इस दौरान समर्थक अपने-अपने चहेते अभ्यर्थियों के पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे. आज वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन कराने वालों में मृत्युंजय यादव उर्फ गुड्डू यादव, सुमित कुमार, दीपक यादव, सरिता श्रीवास्तव, मो इस्तियाक अहमद, प्रमोद स्वर्णकार, संगीता देवी, सुषमा देवी, पुष्पा देवी, जागेश्वरी देवी, अख्तरी बानो, मनीषा देवी, सकुना देवी, श्याम कुमार, मंदीप शर्मा, मो चांद, मो फैज, राहुल गुप्ता, मो सरफराज, पूनम बरनवाल, दीपक कुमार शर्मा, गुड़िया देवी, राहुल जालान आदि ने नामांकन पर्चा दाखिल किया. यहां पर सुरक्षा व्यवस्था का खासा इंतजाम किया गया था. भीड़ पर नियंत्रण को लेकर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात थे. दोपहर में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण को लेकर मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो प्रखंड कार्यालय पहुंचें. उन्होंने प्रखंड परिसर एवं नामांकन स्थल का निरीक्षण किया. साथ ही उपस्थित पुलिस जवानों को उचित दिशा निर्देश दिया. नामांकन को लेकर बैरिकेटिंग की व्यवस्था की गयी थी.

परिवार के सदस्यों के साथ नामांकन पर्चा दाखिल करने पहुंचें थे कई अभ्यर्थी

मेयर एवं वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन पर्चा दाखिल करने कई अभ्यर्थी परिवार के सदस्यों के साथ निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचें थे. कोई अपने पति के साथ तो कोई अपने पिता व भाई के साथ नामांकन पर्चा दाखिल करने के लिए आये थे. इस बार जिन वार्डों को महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है, वहां के लिए नामांकन हेतु महिला अभ्यर्थी के साथ उनके पति भी प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे.

शहरी क्षेत्र के सभी सड़कों पर लगा रहा जाम, परेशानी

गिरिडीह शहरी क्षेत्र के सभी सड़कों पर आज काफी देर तक जाम लगा रहा. इससे आवागमन करने में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. गिरिडीह-सिरसिया पथ, बरगंडा, झंडा मैदान के बगल की सड़क, कचहरी रोड, बड़ा चौक, पचंबा पथ आदि इलाकों में दिनभर जाम की स्थिति रही. चूंकि आज काफी संख्या में लोग अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल कराने के लिए प्रखंड कार्यालय पहुंच रहे थे, लिहाजा भीड़ की वजह से जाम की समस्या उत्पन्न हुई. दो पहिया-चार पहिया की बात तो दूर पैदल चलने वालों को भी कठिनाई हो रही थी. हालांकि इस दौरान कई जगहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती नहीं रहने के कारण जाम हटने में काफी समय लग गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Mayank tiwari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >