Giridih News :दीपोत्सव की धूम, देर रात तक गूंजते रहे पटाखे

Giridih News :रोशनी और खुशियों का पर्व दीपावली के मौके पर सोमवार को गिरिडीह प्रकाश से नहाया रहा तथा रात भर पटाखों की गूंज रही. शहर से लेकर गांव तक दीपों की चमक और रंग-बिरंगी रोशनी ने पूरे माहौल को आलोकित कर दिया.

हर ओर खुशी और उत्साह का माहौल नजर आया. देर रात तक आतिशबाजी होती रही. बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी ने मिलकर दीपों के इस पर्व का आनंद उठाया.

घरों में हुई लक्ष्मी-गणेश की पूजा

दीपावली के अवसर पर लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की. इस दौरान श्रद्धालुओं ने धन, सुख और समृद्धि की कामना की. शहर के प्रमुख बाजारों टावर चौक, झंडा मैदान रोड, मकतपुर, कालीबाड़ी और बरगंडा समेत विभिन्न मोहल्लों में सजावट दर्शनीय थी. दुकानों और घरों में लाइटिंग की जगमगाहट से पूरा शहर मानो स्वर्णिम आभा में डूब गया था. शाम ढलते ही घरों में दीप जलाये गये और रंग-बिरंगे झालरों से सजे घरों की छटा देखते ही बनती थी. महिलाओं ने आंगन में आकर्षक रंगोली बनायी, वहीं बच्चों ने पटाखे और फुलझड़ियों से माहौल को और भी रोशन कर दिया.

दीप प्रज्वलन का सामूहिक आयोजन

कई इलाकों में सामूहिक पूजा और दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें मोहल्ले के लोग एक साथ जुटे और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं. बाजारों में मिठाइयों और दीयों की बिक्री देर शाम भर जारी रही. आतिशबाजी की धूम देर रात तक जारी रही. बच्चों ने स्काई लैंप भी उड़ाये, जिसने रात में आसमान को और भी मनमोहक बना दिया. पुलिस-प्रशासन भी त्योहार के दौरान मुस्तैद रहा. भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. दीपावली की रात गिरिडीह का हर कोना दीपों की रोशनी में नहाया दिखा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >