हजारीबाग पूर्वी वन प्रमंडल क्षेत्र के बगोदर प्रखंड में शनिवार की देर रात हाथियों के झुंड ने कई गांवों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचाया. लुकुइया गांव के पास सड़क पार कर रहे हाथियों के झुंड के सामने एक युवक अचानक पहुंच गया. खतरा भांपते ही युवक बाइक छोड़कर भाग गया और बाल-बाल बच गया. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
मादा हथिनी बच्चे को करा रही थी सड़क पार
बताया जाता है कि हाथियों का झुंड अडवारा पंचायत क्षेत्र में पहुंचा था. किशोर महतो की आम बागवानी में लगी मकई की फसल खाने के बाद हाथियों का झुंड सड़क पार कर रहा था. झुंड के सभी बड़े हाथी सड़क पार कर चुके थे, जबकि एक मादा हथिनी अपने नन्हे बच्चे को सड़क पार करा रही थी.
इसी दौरान बगोदर से अपने घर लौट रहा एक युवक अनजाने में हाथियों के सामने पहुंच गया. हाथियों को सामने देखकर वह घबरा गया और बाइक छोड़कर भाग गया. इससे उसकी जान बच गयी.
अडवारा और पहाड़पुर में फसलों को नुकसान
ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड लुकुइया और बरवाडीह के सीमावर्ती क्षेत्र से होते हुए अडवारा-पहाड़पुर इलाके में पहुंचा. यहां हाथियों ने कई किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया. अहले सुबह भी हाथियों का झुंड अडवारा क्षेत्र में कई खेतों में लगी फसलों को बर्बाद करते हुए आगे बढ़ता रहा.
मुंडरो के गम्हरिया में भी किसानों को नुकसान
मुंडरो पंचायत के गम्हरिया गांव में भी हाथियों ने कई किसानों की फसलें बर्बाद कर दीं. यहां मकई की खेती के साथ धान की तैयार हो रही फसल को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आयी है. लगातार हाथियों के गांवों में पहुंचने से ग्रामीणों में भय बना हुआ है.
मुआवजा दिलाने की मांग
हाथियों से फसल बर्बाद होने की सूचना मिलने पर मुंडरो पंचायत के मुखिया बंधन महतो, समाजसेवी उमेश मंडल और वार्ड सदस्य प्रदीप कुमार ने प्रभावित किसानों से जानकारी ली. उन्होंने वन विभाग से किसानों को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही हाथियों के झुंड को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गयी है.
