Giridih News :देवरी व गावां में सड़क दुर्घटना में आठ घायल

Giridih News :देवरी व गावां में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोग घायल हो गये. चार को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.

देवरी

झारखंड-बिहार की सीमा पर दो अलग अलग सड़क दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गये. पहली घटना जमुआ-चकाई मुख्य मार्ग पर देवरी थाना क्षेत्र के पथराटांड़ के पास घटी. यहां चार पहिया वाहन की चपेट में आने से चिहरा जमुई बिहार थाना क्षेत्र के सिकटिया गांव के सुनील हांसदा (25) व संजू हांसदा (24) घायल हो गये. दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी भेज गया. प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया गया. संजू की स्थिति गंभीर बतायी गयी. घायल सुनील ने बताया कि वे दोनों बाइक से मजदूरी करने चतरो जा रहे थे. इसी क्रम में पथराटांड़ के पास घटना हुई. इधर चिहरा थाना क्षेत्र के बोंगी के पास बाइक के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने की घटना में गुनियाथर ओपी क्षेत्र के भदार हड़मातरी गांव के तीन लोग घायल हो गये. घायलों में सोनिया मरांडी (13), मंजू मरांडी (27) व सुनील मरांडी (5) शामिल हैं. तीनों को इलाज के लिए सीएचसी देवरी में भर्ती किया गया. प्राथमिक उपचार के बाद सोनिया को गिरिडीह रेफर कर दिया गया. मंजू अपने भतीजे व भतीजी को राजाडुमर लेकर वापस अपने घर भदार आ रही थी. इसी क्रम में बोंगी के पास घटना घटी.

अनियंत्रित होकर बाइक खेत में गिरी

गावां-सतगावां सड़क पर केंदुआडीह मोड़ के पास सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गये, सभी को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. घायलों में गावां निवासी राहुल कुमार (17), पीयूष कुमार (18) और पंकज कुमार (18) शामिल हैं. जानकारी के अनुसार तीनों युवक बाइक से जोड़ासिमर जा रहे थे. इसी बीच केंदुआडीह मोड़ के पास हाइवा के चकमा देने से सभी सड़क किनारे खेत में जा गिरे. घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये. सभी को 108 एंबुलेंस से गावां अस्पताल लाया गया. प्राथमिक इलाज के बाद तीनों बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है. डॉ काजिम खान के अनुसार पीयूष का जांघ की हड्डी टूट गयी है, जबकिअन्य युवकों को भी चोट आयी है. घटना की सूचना पर कांग्रेस नेता मरगूब आलम, जिप सदस्य पवन चौधरी, विधायक प्रतिनिधि मुन्ना सिंह आदि भी अस्पताल पहुंचे और घायलों धनबाद भेजने में मदद की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >