सावन माह की तीसरी सोमवारी को लेकर बगोदर के हरिहरधाम मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए शिव भक्तों की अपार भीड़ उमड़ी. सुबह चार बजे मंदिर का पट खुलते ही ब्रह्ममुहुर्त की आरती मंदिर के पुजारियों ने की. उसके बाद जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु पहुंचे.
मंदिर की सीढ़ियों पर रेलिंग की विशेष व्यवस्था
विदित हो कि हरिहर धाम मंदिर का पट सुबह चार बजे खुलते ही पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांत लगना शुरू हो गया था. तीसरी सोमवारी पर इस बार मंदिर की सीढ़ियों पर रेलिंग की व्यवस्था की गयी है ताकि जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो.
इधर, जलाभिषेक और पूजा-अर्चना को लेकर पहुंचे शिव भक्तों को परेशानी से बचाने के लिए स्थानीय प्रशासन और मंदिर कमेटी सुरक्षा व्यवस्था में जुटी थी. तीसरी सोमवारी पर मंदिर और आसपास की चहल-पहल और पूजा सामग्रियों की सजी दुकानों से मेला-सा नजारा लग रहा था. इस दौरान हर-हर महादेव, बोल बम के नारों से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा.
