राजकुमार यादव ने कहा कि क्षेत्र में हत्या, लूट, डकैती, अपहरण और भ्रष्टाचार की घटनाएं बढ़ रही हैं. जनसमस्याओं की अनदेखी की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि गदर पावर ग्रिड को एनओसी मिलने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हुआ है और अमतरो विद्यालय को अब तक स्वीकृति नहीं मिली है. उन्होंने चेतावनी दी कि 15 दिनों के भीतर कार्य शुरू नहीं होने पर फिर से सड़क पर विद्यालय संचालित किया जायेगा. कहा कि पिछले वर्ष अमतरो में विद्यालय भवन जर्जर होने के कारण सड़क पर कक्षाएं संचालित की गयीं थीं. उस समय 15 दिनों में भवन निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है.
60 प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्र रहते हैं बंद
श्री यादव ने कहा कि गावां प्रखंड के लगभग 60 प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहते हैं. सीडीपीओ से इसकी जांच कर कार्रवाई करने की मांग की. कहा कि सुदूरवर्ती विद्यालयों में कई शिक्षक हाजिरी बनाकर गायब हो जाते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. धरना-प्रदर्शन के बाद 17 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन उपायुक्त के नाम प्रखंड कार्यालय को सौंपा गया. मौके पर नागेश्वर यादव, पवन चौधरी, अशोक मिस्त्री, मुन्ना राणा, अकलेश यादव, अशोक यादव, अभिमन्यु यादव, रंजीत राम, राकेश यादव, मनीष यादव, मालती देवी, मुकेश कुमार उपस्थित थे.
