पचंबा थाना क्षेत्र के पेसरागढ़ गांव में शनिवार को भैंस को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गयी. घटना में एक पक्ष के छह लोग घायल हो गये. सभी घायलों को परिजन इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घायलों की पहचान दामोदर यादव (58), नीरज कुमार (20), नवल यादव (14), बच्चों यादव (55), प्रीति कुमारी (13) और शंकर कुमार (28) के रूप में हुई है.
भैंस दूसरे पक्ष के घर के पास मिलने के बाद बढ़ा विवाद
घायलों के परिजनों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी मामले को लेकर विवाद चल रहा था. इसी बीच भैंस के दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा ले जाने की बात सामने आयी. काफी तलाश के बाद भैंस दूसरे पक्ष के लोगों के घर के पास मिली. इसके बाद भैंस को वहां से वापस ले लिया गया.
पूछताछ के दौरान कहासुनी, फिर हुई मारपीट
परिजनों के अनुसार, भैंस मिलने के बाद वे दूसरे पक्ष के लोगों से पूछताछ करने पहुंचे थे. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गयी. इसमें एक पक्ष के छह लोग घायल हो गये.
घटना के बाद सभी घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बतायी जा रही है.
