गिरिडीह-जामताड़ा मुख्य सड़क पर गांडेय थाना क्षेत्र के दासडीह मंदिर के समीप रविवार को बुलेट मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहन की सीधी टक्कर हो गयी. हादसे में बुलेट सवार रामजीत मंडल गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची गांडेय पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गांडेय पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया.
मंदिर के पास आमने-सामने हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार ताराटांड़ थाना क्षेत्र के लूटोरी गांव निवासी चिंतामणी किस्कू चारपहिया वाहन से अपनी ससुराल चपुआडीह से घर लौट रहे थे. इसी दौरान दासडीह शिव मंदिर के समीप गांडेय की ओर से आ रहे मरगोडीह गांव निवासी रामजीत मंडल की बुलेट मोटरसाइकिल से उनके वाहन की सीधी टक्कर हो गयी.
टक्कर में बुलेट का लेगगार्ड टूटा
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुलेट मोटरसाइकिल का लेगगार्ड टूट गया. हादसे में बाइक सवार रामजीत मंडल बुरी तरह घायल हो गये. घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.
पुलिस ने दोनों वाहन किये जब्त
घटना की सूचना मिलने के बाद गांडेय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को सीएचसी गांडेय भेजा. वहीं दुर्घटनाग्रस्त बुलेट मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहन को जब्त कर थाना ले जाया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
