Giridih News : मंडरो बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चला

Giridih News : बारिश के कारण चार घंटे के बाद रुक गया अभियान

Giridih News : गिरिडीह के देवरी प्रखंड के मंडरो बाजार में शनिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. अंचलाधिकारी श्यामलाल मांझी के नेतृत्व में चलाये गये अभियान के दौरान बाजार में सड़क के दोनों छोर पर सड़क की भूमि पर किये गये अवैध निर्माण को जेसीबी से तोड़कर हटाया गया. लगभग चार घंटे तक चले अभियान के बाद भी बाजार में सड़क अतिक्रमण मुक्त किये जाने का कार्य पूरा नहीं हो पाया. इस दौरान लकड़ी के बल्ले से चोट लगने से बाजार का एक दुकानदार रामेश्वर राणा (ग्राम खोरोडीह) चोटिल हो गया. तेज बारिश की वजह से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को बीच में रोक देना पड़ा. अभियान में हीरोडीह के थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, एएसआई धंजीव कुमार सिंह, देवरी थाना के एसआई रिशु सिन्हा, अंचल निरीक्षक राजेश बास्के, उप निरीक्षक अरविंद किरण, गौतम कुमार, अंचल अमीन राजेंद्र प्रसाद वर्मा, अंचल कर्मी मनोज सिंह आदि शामिल थे.

स्वयं से अतिक्रमण हटाने में जुटे लोग

इधर, अतिक्रमण हटाने को लेकर पूर्व में की गयी मापी व निर्धारित किये गये समय को देखते हुए शनिवार की अलसुबह से ही बाजार के व्यवसायी स्वयं से अतिक्रमण हटाने में जुटे हुए थे. इस दौरान दर्जनों लोगों द्वारा दुकान के सामने लगाये गये एस्बेस्टस, छप्पर आदि को हटा लिया गया, लेकिन, पक्के निर्माण को नहीं हटाया गया. इसके बाद अंचलाधिकारी के नेतृत्व में जेसीबी लगाकर अवैध निर्माण को तोड़ा गया. इस संबंध में अंचलाधिकारी ने बताया कि बाजार में सड़क का अतिक्रमण कर लिए जाने की वजह से आये दिन उत्पन्न हो रही जाम की स्थिति को लेकर पूर्व में नोटिस भेजकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था. नोटिस के बाद भी कब्जा नहीं हटाने वाले स्थान को जेसीबी लगाकर अतिक्रमण मुक्त किया गया. बताया कि तेज बारिश की वजह से अभियान को बीच में ही रोक देना पड़ा है. शीघ्र ही दुबारा अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने का कार्य पूरा किया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Om prakash rawani

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >