Giridih News :तीन माह से राशन नहीं मिलने पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, प्रदर्शन

खुखरा पंचायत में राशन वितरण में अनियमितता के खिलाफ रविवार को सैकड़ों कार्डधारियों का गुस्सा फूट पड़ा. पीडीएस डीलर रामस्वरूप तुरी पर तीन माह से राशन नहीं देने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने पहले बैठक की और फिर बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया.

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही डीलर वहां से चले गये. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खुखरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया. ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले तीन महीने से उन्हें राशन नहीं मिला है, जबकि डीलर द्वारा ई पोश मशीन पर अंगूठा लगवा लिया गया है.

अंगूठा लेकर नहीं किया जा रहा वितरण

लाभुकों का कहना है कि राशन वितरण के नाम पर लोगों को बुलाकर अंगूठा लगवाया जाता है, लेकिन बाद में कुछ चुनिंदा लोगों को ही अनाज दिया जाता है. अधिकांश लाभुक खाली हाथ लौटने को मजबूर हो जाते हैं. प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि राशन वितरण के दौरान तराजू में गड़बड़ी कर निर्धारित मात्रा से कम अनाज दिया जाता है. कार्डधारी भुनेश्वर कोल ने बताया कि डीलर स्वयं वितरण कार्य नहीं करते हैं, बल्कि उनकी पत्नी और पुत्र राशन बांटते हैं. आरोप लगाया कि शिकायत करने पर लाभुकों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है.

एमओ ने चार दिनों में वितरण का दिया था आश्वासन

ग्रामीणों ने बताया कि 26 मई को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) परितोष कुमार खुखरा पहुंचे थे. उन्होंने चार दिनों के भीतर सभी लाभुकों को राशन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन आश्वासन के 10 दिन बीत जाने के बाद भी राशन वितरण शुरू नहीं हो सका, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गयी.

डीलर को किया गया है शो-कॉज

मामले को लेकर एमओ ने ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है. इस मामले को लेकर डीलर को शो-कॉज भी किया गया है. उन्होंने बताया कि मंगलवार को सभी संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर मामले की जांच की जायेगी तथा पात्र लाभुकों को उनका राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जायेगी. पुलिस और प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई तथा समस्या के समाधान का आश्वासन दिये जाने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और अपने घर लौट गए. हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही राशन वितरण शुरू नहीं किया गया, तो वे फिर से आंदोलन करने को बाध्य होंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >