मृतक की पहचान हुरो साव के 22 वर्षीय पुत्र उमेश कुमार साव के रूप में हुई. उमेश सूरत में नौकरी करता था. उसकी शादी करने को लेकर पिता ने उमेश की रजामंदी के आधार पर कन्या की खोज की थी. इस दौरान दोनों परिवार के बीच बातचीत होने के बाद शादी का रिश्ता मजबूत करने को लेकर कन्या पक्ष को बुधवार को लड़के काे तिलक देने पूरनी चितरडीह आना था. इसी बीच उमेश ने सोमवार की देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
सूरत में नौकरी करता था युवक, उसकी रजामंदी से तय की गयी थी शादी
मृतक उमेश कुमार साव के पिता हुरो साव ने बताया कि बेटे का बुधवार को तिलक होना था. घर पर सभी तैयारी हो चुकी थी. सोमवार की रात परिवार के लोगों ने एक साथ खाना खाया और अपने अपने कमरे में सोने चले गये. मंगलवार की सुबह चार बजे के आसपास जब उमेश को दरवाजा खोलने को लेकर आवाज देने लगे तो वह दरवाजा नहीं खोलने लगा. उसका फोन भी नहीं उठ रहा था. इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया, तो लोगों ने उमेश को फंदे पर झूलता देखा. फंदा काटकर उसे नीचे उतारा गया. तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
पोस्टमार्टम नहीं कराने को ले परिजन ने पुलिस को दी सूचना
सूचना पर जमुआ पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम कराने की तैयारी करने लगी. परिजनों ने उसका पोस्टमार्टम नहीं कराने की फरियाद जमुआ थाना प्रभारी मनिकांत कुमार से की. स्थानीय मुखिया उमा देवी, वार्ड सदस्य भूपाल महतो, टूपलाल साव, राजू साव, बालमुकुंद यादव, अशोक कुमार सिंह, बैंकुंठ साव, रामदेव यादव, मो सरताज परवेज आदि वहां पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी.
पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है : थाना प्रभारी
जमुआ थाना प्रभारी मनिकांत कुमार ने बताया कि युवक के परिजनों ने एक आवेदन दिया है कि मृतक का पोस्टमार्टम ना कराया जाये. इसके बाद पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
