राजधनवार. आदर्श कॉलेज राजधनवार में शिक्षा व्यवस्था में सुधार व छह सूत्री मांग के साथ आइसा के छात्रों ने कॉलेज परिसर में मंगलवार से आमरण अनशन शुरू कर दिया है.
क्रमवार बढ़ेंगे अनशनकारी : समय के साथ सत्याग्रहियों की संख्या रोज बढ़ती जायेगी. पहले दिन के अनशन में पार्ट वन के छात्र रिशु कुमार, सन्नी कुमार, सागर कुमार, राज निषाद व विकास कुमार उपवास पर रहे. अनशनकारियों के समर्थन में सोहेल, संध्या, शिवम, सुमन गोयल, बिट्टू, रिशू, संत, सद्दाम आदि भी घटनास्थल पर मौजूद थे.
अनदेखी ने किया नाराज : जिप सदस्य तथा माले नेता विनय संथालिया ने धरनास्थल पर आंदोलनरत छात्रों की हौसला आफजाई भी की. नेतृत्व कर रहे रिशु कुमार ने बताया कि शिक्षकों की कमी दूर करने, गिरती शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने, पुस्तकालय भवन का निर्माण करने, पाठ्यक्रम के अनुरूप पुस्तकालय में पुस्तक उपलब्ध कराने, स्नातक का परीक्षा केंद्र +2 उवि में करने तथा छात्राओं के लिए शौचालय निर्माण कराने की मांग कॉलेज प्रबंधन से कई बार की जा चुकी है. इन सवालों के साथ अनशन किये जाने की सूचना आठ सितंबर को प्राचार्य के माध्यम विश्व विद्यालय को भी दिया जा चुका है. बावजूद इसके इस दिशा में पहल नहीं होने पर छात्र आमरण अनशन पर मजबूर हो गये.
