कचरा उठाने वाली गाड़ियों में भी लगेगा जीपीएस
गिरिडीह : शहरी क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए कचरा प्रबंधन को ले ग्लोबल पॉजीशनिंग सिस्टम (जीपीएस ) जल्द ही लागू होगी. इसे लेकर कार्य योजना तैयार की जा रही है.
शुक्रवार को नगर पर्षद में कोलकाता की कंपनी ने इस सिस्टम को लेकर डेमोस्ट्रेशन किया. कचरा प्रबंधन पर किस तरह से नजर रखी जा सकती है, इसके बारे में कंपनी के रिजनल मैनेजर सतीश गौतम ने बताया. इस संबंध में नगर पर्षद अध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि नप में सॉलिड वेस्ट कार्यक्रम के तहत जीपीएस लगाने की योजना है.
इसी आलोक में एक प्रपोजल के डेमोस्ट्रेशन करके इसकी विस्तार से जानकारी दी गयी है. यह सिस्टम शहरी क्षेत्र में सफाई अभियान को दुरुस्त रखने में कारगार साबित होगी.
शहर के विभिन्न वार्डो में इस सिस्टम को लगाया जायेगा. साथ ही कचरा उठाने वाली गाड़ियों में भी सिस्टम लगेगा. कचरा प्रबंधन को लेकर किस स्थान पर कैसा वर्क किया जा रहा है, उस पर नप में बैठे-बैठे नजर रखी जायेगी.
एक सवाल के जवाब में श्री यादव ने कहा कि अभी इस तरह का प्रपोजल आया है. अब उक्त कंपनी को नगर पर्षद क्षेत्र का स्ट्रेंथ बताया जायेगा. उसके बाद ही यह कहा जा सकता है कि इस पर कितना खर्च आयेगा.
नगर पर्षद बांटेगी दवा : नगर पर्षद द्वारा शहरी क्षेत्र के सभी 30 वार्डो में ओआरएस व जिंक की दवा मिलेगी. यह जानकारी नगर पर्षद अध्यक्ष दिनेश यादव ने दी.
उन्होंने बताया कि बरसात के बाद शहरी क्षेत्र के लोगों को अकसर दस्त होने लगती है. इसी मद्देनजर नगर पर्षद ने शहरी क्षेत्र के सभी 30 वार्डो में शुक्रवार को ओआरएस व जिंक की गोली की व्यवस्था करायी है.
उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जिसे दस्त हो या फिर उसे ओआरएस व जिंक की गोली की जरूरत हो तो वे अपने वार्ड पार्षद से संपर्क कर सकते हैं.
