गिरिडीह. गिरिडीह पुलिस व सीआरपीएफ ने मंगलवार की अहले सुबह बेंगाबाद से एक नक्सली को गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया नेताजी उर्फ श्यामलाल टुडू उर्फ दिनेश मुमरू भाकपा माओवादी के चकाई-बेंगाबाद-गांडेय-मधुपुर का सब जोनल कमांडर है. उसके पास से एक मोबाइल मिला है, जिसमें नक्सली गीत-संगीत है.
नक्सली साहित्य भी बरामद हुआ है. मंगलवार को एसपी कुलदीप द्विवेदी ने पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी. बताया कि भाकपा माओवादी के कुछ सदस्यों के बेंगाबाद थाना क्षेत्र की उत्तरी सीमा में (जमुई जिले के चकाई से सटे) आने की सूचना मिली थी.
ये लोग संगठन के प्रचार-प्रसार के लिए बैठक करने वाले थे. इसी सूचना पर उनके(एसपी) नेतृत्व में छापेमारी की गयी. जिला क्यूआरटी के साथ एएसपी कुणाल, डीएसपी शंभु कुमार सिंह, बेंगाबाद थाना प्रभारी व सीआरपीएफ सातवीं बटालियन के क्यूआरटी बल के साथ सहायक कमांडेंट श्याम वर्मा के नेतृत्व में और कमांडेंट प्रदीप सिंह के दिशा-निर्देश पर बेंगाबाद के लुप्पी गांव की ओर अभियान चलाया गया. लुप्पी के मंझलटोला के पास जब पुलिस पहुंची तो कुछ लोग भागने लगे.
टीम ने पीछा कर एक को पकड़ लिया. पकड़े गये व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम श्यामलाल टुडू उर्फ नेताजी साकिम गोविंदपुर, टोला लेवड़ा, थाना चकाई, जिला जमुई बिहार बताया. एसपी ने बताया कि उसके पास से एक झोले में नक्सली साहित्य व एक मोबाइल बरामद किया गया. मोबाइल में बहुत सारे नक्सली चलचित्र व गीत थे. श्री द्विवेदी ने बताया कि यह व्यक्ति भाकपा माओवादी के चकाई- बेंगाबाद-गांडेय- मधुपुर का सब जोन का सबजोनल कमांडर है. यह पार्टी संगठन के कार्यो से जुड़ा हुआ है व संगठन से जुड़ने के लिए लोगों को प्रेरित करता था.
